
निरीक्षण के दौरान मौजूद दल प्रतिनिधि व अधिकारी। फोटो- पत्रिका
टोंक। जिला निर्वाचन वेयरहाउस अधिकारी कार्यालय टोंक में सुरक्षित रखी गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के वेयरहाउस का मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर कल्पना अग्रवाल के नेतृत्व में त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौकरिया, कांग्रेस और भाजपा के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। निरीक्षण के समय भाजपा के जिला महामंत्री प्रभु बाडोलिया तथा कांग्रेस के प्रतिनिधि हंसराज फागना उपस्थित रहे।
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली और निर्वाचन विभाग राजस्थान के निर्देशों के अनुसार वेयरहाउस को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोला गया। इसके बाद मशीनों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी आवश्यक मानकों की पालना सुनिश्चित की गई। इसके पश्चात निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार वेयरहाउस को पुनः सील कर सुरक्षित बंद किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को संतोषजनक बताया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वहीं दूसरी ओर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर के आदेश तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एसडीएम के निर्देशानुसार नगर परिषद टोंक की निर्वाचन नामावली का प्रारूप प्रकाशित किया गया। इस संबंध में अग्निशमन केंद्र में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें मास्टर ट्रेनर विमल कुमार ने उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के अद्यतन, त्रुटियों के सुधार और नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।
एसडीएम टोंक रामरतन सौकरिया ने प्रगणकों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ करें। उन्होंने बताया कि बुधवार को सभी वार्डों और मतदान केंद्रों पर नामावली का पठन किया जाएगा, ताकि आमजन अपने नामों की जांच कर सकें।
इसके साथ ही 7 अप्रेल तक संबंधित वार्डों में दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। विशेष अभियान के तहत 29 मार्च और 5 अप्रेल को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रगणक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे और दावे-आपत्तियां स्वीकार करेंगे।
यह वीडियो भी देखें
प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 15 अप्रेल तक किया जाएगा। इसके बाद 20 अप्रेल तक पूरक सूचियां तैयार कर 22 अप्रेल को अंतिम निर्वाचन नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। वहीं उपखंड क्षेत्र की मालपुरा, डिग्गी और लांबाहरिसिंह नगर पालिकाओं के आगामी चुनावों को देखते हुए मंगलवार को निर्वाचन कार्यालय की ओर से मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन भी किया गया, जिससे चुनाव प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। ऐसे में जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
Updated on:
25 Mar 2026 04:16 pm
Published on:
25 Mar 2026 04:16 pm
