
जैसलमेर. जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने जिले के अभिभावकों से अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन लगवाने की पुरजोर अपील की है। उन्होंने बताया कि यह टीकाकरण बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण है। यह महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिसे समय पर टीके से काफी हद तक रोका जा सकता है। भारत सरकार के निर्देशानुसार यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं कर रहे हैं। संबंधित विभागों को अभिभावकों को जागरूक करने और टीकाकरण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलक्टर ने जोरवाल ने अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाने और बेटियों के स्वस्थ भविष्य के लिए समय पर टीकाकरण कराने का आग्रह किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, बल्कि वैज्ञानिक तथ्यों पर विश्वास कर इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पहल बेटियों की सुरक्षा के साथ-साथ समाज के स्वस्थ भविष्य की नींव है।