जैसलमेर के लगातार दो बार विधायक रहे पूर्व राजघराने के वयोवृद्ध सदस्य हुकमसिंह का सोमवार को बड़ा बाग स्थित पूर्व राजघराने के श्मशान स्थल पर पारम्परिक विधि विधान से अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र एवं पूर्व विधायक डॉ. जितेंद्रसिंह ने उन्हें मुखाग्रि दी। इससे पहले गांधी चौक स्थित उनके निवास स्थल मंदिर पैलेस से बैकुंठ यात्रा निकाली गई। यात्रा से पहले पैलेस के दरीखाना में हुकमसिंह का पार्थिक शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां उन्हें आम से लेकर खास लोगों ने पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर जुटे लोगों ने उनके पुत्र सहित शोक संतप्त अन्य परिवारजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की।