खानपुर विधानसभा क्षेत्र का फैलाव इतना है कि यह कोटा व बारां जिले व मध्यप्रदेश की सीमा तक जुड़ा हुआ है। यहां से भाजपा के नरेंद्र नागर जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं और अब जीत का चौका लगाने की कोशिश में फिर से चुनाव मैदान में है। वहीं कांग्रेस ने पिछले चुनाव में नजदीकी हार देख चुके सुरेश गुर्जर को फिर से मौका दिया है।
खानपुर विधानसभा क्षेत्र से कुल 6 प्रत्याशी मैदान में है लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस में ही है। भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र नागर अपनी टीम के साथ गांवों का दौरा कर रहे हैं और मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। उनके समर्थन में वसुंधरा राजे ने बुधवार को बकानी में सभा की और गुरुवार को खानपुर में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश गुर्जर कार्यकर्ताओं के साथ तूफानी दौरा कर रहे हैं। अभी कांग्रेस का कोई भी बड़ा नेता जिले के दौरे पर नहीं पहुंचा है।
धान और लहसुन की खेती के मशहूर खानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की प्रमुख मांग भी यही है कि उन्हें पर्याप्त बिजली और नहरी पानी मिले। परवन सिंचाई परियोजना से आस लगाए बैठे हैं लेकिन इंतजार लंबा होता जा रहा है। परियोजना में तय समय पर पूरी हुई नहीं और कई अड़ंगे लगते रहे। अभी भी परियोजना से जुड़ा नहरी तंत्र अधूरा पड़ा है। मतदाताओं की मांग है कि आने वाली सरकार जल्द से जल्द इस परियोजना को चालू करवाए ताकि खानपुर विधानसभा क्षेत्र सरसब्ज हो सके। बाघेर क्षेत्र में चाय की दुकान पर बैठे किसान रामलाल ने बताया कि किसानों की सबसे बड़ी परेशानी इस वक्त जंगली जानवरों की पाबंदी पर है। किसानों की पकी पकाई फसल को जानवर नष्ट करने पर तुले है सरकार वन विभाग से क्लोजर का निर्माण करवाए।
प्रत्याशियों के तीन वादे
भाजपा
खानपुर व बकानी कस्बे में नगरपालिका बनवाना।
खानपुर कस्बे को बाढ़ से बचाव को लेकर रूपली नदी में डायवर्जन चैनल बनाकर ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार करना।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मुख्य सड़क पर स्थापति करवाना
कांग्रेस
खानपुर व कस्बे में नगरपालिका बनवाना।
नाले-नालियों का निर्माण कराकर ड्रेनेज सिस्टम बनवाना।
रुपली नदी की पूर्ण सफाई कर डायवर्जन चैनल बनाकर सौंदर्यीकरण करवाना।
विधानसभा क्षेत्र के बड़े मुद्दे
परवन बांध परियोजना को गति दिलवाकर कर जल्द किसानों को पेयजल व सिंचाई का पानी उपलब्ध करवाना।
बकानी कस्बे में गौण मंडी को कृषि उपज मंडी बनाना, कॉलेज, एसडीओ कोर्ट खुलवाना।
शिक्षा को लेकर एक और महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खुलवाना।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर सम्पूर्ण जांच एवं विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध करवाना, बेड संख्या में बढ़ोतरी करवाना।
भाजपा का रहा है दबदबा
खानपुर विधानसभा में अब तक 1 बार जनता पार्टी, 3 बार कांग्रेस और 6 बार भाजपा का कब्जा रहा। यहां से भाजपा के नरेन्द्र नागर 3 बार लगातार जीते हैं। क्षेत्र में करीब 35 हजार धाकड़, गुर्जर 35 हजार, लोधा 28 हजार, मीणा 22 हजार, माली 25 हजार, भील 20 हजार, 16 हजार एससी, 16 हजार राजपूत, 15 हजार मुस्लिम व 15 हजार शेष अन्य समाज के मतदाता है।
2018 चुनाव में मिले मत
भाजपा : 85984
कांग्रेस : 83719
खास बातें
2018 : कुल मतदाता 227508, पुरुष – 117320 महिला- 110188
2023 : कुल मतदाता 247045 महिला मतदाता 119742 पुरुष मतदाता 127301 थर्ड जेंडर 02
19536 नए मतदाता जुड़े हैं इस बार
2.47 लाख मतदाता इस सीट पर
क्या बोले मतदाता
हमारे गांव में कालीसिंध नदी की पुरानी पुलिया पर एनिकट दो साल से टूटा हुआ है लेकिन इसकी किसी ने सुध नहीं ली। अब नदी सूखने लगी है। इससे आसपास की ट्यूबवैलों पर भी असर पड़ा है।
भैरोसिंह राठौड़, मुंडेरी
बकानी गौण मंडी को पूर्ण मंडी का दर्जा दिया जाए। बकानी तहसील के 175 गांवों को नहरी पानी नहीं मिलता। इस पर काम किया जाए। जनप्रतिनिधि को इन मुद्दों पर काम करना चाहिए।
मनोहर सिंह चौहान, बकानी