जोधपुर.
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू नाइट कफ्र्यू के बावजूद मसूरिया में तेज आवाज में डीजे व हाथी पर बंदोली निकाली गई। बगैर मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग को ताक पर रख बड़ी संख्या में महिलाएं-पुरुष व बच्चे बंदोली में शामिल हुए। देवनगर थाना पुलिस ने दो डीजे साउण्ड जब्त कर महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही इन डीजे के चार संचालकों को भी शांतिभंग में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मसूरिया नट बस्ती में शादी को लेकर गुरुवार रात पौने आठ बजे बंदोली निकाली गई। जिसमें दुल्हा हाथी पर सवार था। कुछ युवतियों घोड़ों पर बैठी हुई थी। पीछे-पीछे बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुषों के साथ-साथ बच्चे भी शामिल थे। किसी भी व्यक्ति ने मास्क नहीं पहन रखा था। सोशल डिस्टेसिंग की पालना नहीं हो रही थी। नट बस्ती से बाबा रामदेव मंदिर पहुंचकर तेज आवाज में डीजे पर म्युजिक बजाया गया। लोगों ने खुलेआम सड़क पर नृत्य कर नाइट कफ्र्यू का उल्लंघन किया। थानाधिकारी सोमकरण मौके पर पहुंचे और दो डीजे जब्त किए। साथ ही साबिर नट, श्याम नट, रोशनी नट, ललिता, मनोज, ईश्वर, राधे आदि के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। डीजे के चार संचालकों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।