
ऑटो में एलपीजी भरवाता चालक। फोटो: पत्रिका
जोधपुर। पश्चिमी एशिया में युद्ध का असर आम जनता की जिंदगी में धीरे-धीरे बढ़ रहा है। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूटर कम्पनी ने सीएनजी गैस के दाम 1.90 रुपए प्रति किलो बढ़ा दिए। अब सीएनजी गैस 90 रुपए प्रति किलो हो गई है। डीजल भी 90.05 रुपए प्रति लीटर है यानी डीजल और सीएनजी बराबर पहुंच गए है।
उधर, तेल कम्पनियों ने ऑटो एलपीजी के दाम में करीब 11.50 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। दो दिन पहले ऑटो एलपीजी 72.50 रुपए प्रति लीटर मिल रही थी। अब 83.99 रुपए प्रति लीटर मिल रही है। घरेलू रसोई गैस का बैकलॉग अभी भी एक सप्ताह का बना हुआ है। गैस एजेंसियां जितना सप्लाई लोगों के घरों तक पहुंचाती है, उतनी ही नई बुकिंग वापस हो जाती है।
पेट्रोल-डीजल वैसे तो सामान्य तौर पर उपलब्ध है, लेकिन अब तेल कम्पनियों ने पेट्रोल पंप पर जरूरत से ज्यादा तेल नहीं दे रहे हैं। बड़े कस्टमर को देने की मनाही है। सामान्यतः 31 मार्च को क्लोजिंग के समय सभी पेट्रोल पंपों के टैंक भरने के साथ तीन चार गाड़ियां एक्स्ट्रा देकर क्लोजिंग की जाती थी, लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ। अब डिपो शाम पांच बजे ही बंद हो जाते है।
शहर में 30 पम्पों पर सीएनजी की आपूर्ति की जा रही है, जिसमें आठ पंपों पर देहज, गुजरात से सीधे पाइप लाइन से सीएनजी आ रही है। शहर में प्रतिदिन करीब 1.16 लाख एससीएमडी (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर्स पर डे) सीएनजी बिकती है। गैस महंगी होने से वाहन चालकों में रोष है।
बीते एक महीने में ऑटो एलपीजी करीब 24 रुपए महंगी हो गई है। मार्च की शुरुआत में एलपीजी की कीमत 59 रुपए प्रति लीटर थी। शहर में एकमात्र भगत की कोठी डीजल शेड पर इंडियल ऑयल के कोको पंप पर ही एलपीजी का पंप लगा हुआ है। वहां पिछले बीस दिनों से आधा से एक किलोमीटर तक ऑटो की कतारें लगी रहती है।
लघु उद्योग भारती जोधपुर महानगर के प्रतिनिधिमण्डल ने अध्यक्ष पंकज भंडारी के नेतृत्व में जोधपुर शहर के जिला रसद अधिकारी अंजुम ताहिर से भेंट कर उद्योगों को कमर्शियल गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे उद्योगों के संचालन में कठिनाई हो रही है।
जिला रसद अधिकारी ने कहा कि सरकार के नई गाइडलाइन अनुसार उद्योगों को पारदर्शिता के साथ 40 प्रतिशत कॉमर्शियल गैस सिलेंरों की आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन औद्योगिक क्षेत्रों के निकट पीएनजी पाइप लाइन उपलब्ध है. वे कनेक्शन लेकर अपने उद्योगों का संचालन कर सकते हैं। इस दौरान महानगर सचिव राकेश कुमार चौरड़िया, अशोक कुमार गहलोत, प्रमोद चौपड़ा, गोपालसिह राजपुरोहित, मनीष राठी साथ रहे।
कमर्शियल सिलेंडर के दाम में बुधवार को 195 रुपए (19 किलो का सिलेंडर) की बढ़ोतरी की गई, बावजूद इसके शहर में कमर्शियल गैस की आपूर्ति पर्याप्त नहीं है। गैस कम्पनियों के अनुसार जरूरत का 10 से 20 प्रतिशत ही कमर्शियल सिलेंडर आ रहे हैं। एक गैस एजेंसी ने बताया कि सामान्य दिनों में उनके पास हर महीने 350 कमर्शियल सिलेण्डर आते थे, लेकिन मार्च में केवल 24 सिलेंडर ही आए। सिलेण्डर कम होने से रेस्तरां और ढाबे वालों ने अब डीजल की भट्टियां लगा दी है। कुछ संचालक लकड़ी के उपयोग से भी भट्टी चला रहे हैं।
Updated on:
03 Apr 2026 12:05 pm
Published on:
03 Apr 2026 12:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
