
फाइल फोटो- पत्रिका
जोधपुर। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को आयोजित होने वाली आइएएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर रोडवेज प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इस बार रोडवेज ने परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था लागू की है, जिससे केवल पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
यह वीडियो भी देखें
रोडवेज प्रशासन के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा से 36 घंटे पहले रोडवेज के प्रतियोगी परीक्षार्थी पंजीयन पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। इसके बाद अभ्यर्थियों के रोल नंबर ईटीआईएम मास्टर डाटाबेस से जोड़े जाएंगे। बस में टिकट जारी करते समय परिचालक ईटीआईएम मशीन के जरिए रोल नंबर का रियल टाइम सत्यापन करेंगे। सत्यापन सही पाए जाने पर ही अभ्यर्थियों को निशुल्क अथवा निर्धारित श्रेणी का टिकट जारी किया जाएगा।
रोडवेज अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन नहीं कराया होगा या जिनका रोल नंबर अमान्य पाया जाएगा, उन्हें बिना टिकट श्रेणी में माना जाएगा और यात्रा के लिए पूरा किराया देना होगा। इससे व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और केवल पात्र अभ्यर्थियों तक सुविधा पहुंचाने में मदद मिलेगी।
रोडवेज जोधपुर डिपो के मुख्य प्रबंधक उम्मेदसिंह ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए जोधपुर सहित बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, नागौर और बीकानेर समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर और बसें भी चलाई जाएंगी, ताकि किसी परीक्षार्थी को परेशानी न हो। यह निशुल्क सुविधा सोमवार रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
वहीं दूसरी ओर आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम सेमेस्टर में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। अब ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 26 मई निर्धारित की गई है। जबकि महाविद्यालयों में आवेदन पत्रों के ऑनलाइन सत्यापन की अंतिम तिथि 29 मई रहेगी। इसके बाद 30 मई को अंतिम वरीयता सूची एवं प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को महाविद्यालय में दस्तावेज सत्यापन एवं ई-मित्र के माध्यम से शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 6 जून तय की है।
Published on:
23 May 2026 07:59 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
