
ट्रेन को हरी झंडी दिखाते रेलमंत्री। फोटो- पत्रिका
पाली। पश्चिमी राजस्थान को बड़ी रेल सौगात मिली। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने भुज-नई दिल्ली एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस ट्रेन को शुरू कराने की मांग केवल जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की ही नहीं, बल्कि उनकी खुद की भी थी। रेलमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, आखिर मैं भी पाली का बेटा हूं। मैंने अधिकारियों से कहा था कि सांसदों और क्षेत्रीय लोगों की मांग के साथ मेरी पर्ची भी लगा देना। उन्होंने बताया कि इस रेल सेवा को शुरू करने में कई तकनीकी और प्रशासनिक पेचीदगियां थीं, लेकिन सभी बाधाएं दूर कर ट्रेन को शुरू किया गया।
वैष्णव ने कहा कि लंबे समय से प्रवासी राजस्थानियों की विभिन्न शहरों के लिए रेल सेवाओं की मांग रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुणे, चेन्नई और हैदराबाद के लिए नई रेल सेवाएं शुरू की गईं। अब भुज-नई दिल्ली रेल सेवा शुरू होने से जालोर, पाली और जयपुर के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
रेलमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान में रेलवे विकास के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का बजट दिया है। यह प्रदेश के लिए अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार राजस्थान में इतने बड़े स्तर पर रेलवे विकास कार्य एक साथ चल रहे हैं। इससे पहले ट्रेन से पाली पहुंचे रेलमंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव ने ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन किया। ट्रेन से उतरने के बाद वे हर व्यक्ति से आत्मीयता से मिलते हुए चंद कदमों की दूरी 11 मिनट में तय कर मंच तक पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यात्रियों को तकलीफ नहीं होनी चाहिए। इसलिए पहले ट्रेन को रवाना करते हैं, बातचीत और भाषण बाद में होते रहेंगे। इसके बाद उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पाली सांसद पीपी चौधरी, जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग सहित अन्य नेताओं ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान बाली विधायक पुष्पेन्द्रसिंह राणावत, पाली विधायक भीमराज भाटी, मारवाड़ विधायक केसाराम चौधरी, सोजत विधायक शोभा चौहान, पूर्व सांसद पुष्प जैन, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी और नरेश ओझा सहित कई लोग मौजूद रहे।
पाली-जोधपुर रेलखंड के बीच लूणी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन कुछ देर रुकी। यहां रेलमंत्री ने 150 रुपए के रसगुल्ले खरीदे और ऑनलाइन भुगतान किया। इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से लोगों का मुंह मीठा कराया। उन्होंने पाली के प्रसिद्ध गुलाब हलवे की भी सराहना की और नई ट्रेन में यात्रियों को इसका स्वाद चखाने की बात कही।
Published on:
23 May 2026 03:13 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
