जोधपुर. चांदपोल के बाहर स्थित पुष्करणा समाज की कुलदेवी मां उष्ट्रवाहिनी मन्दिर जीर्णोद्धार व कुलदेवता केशवराय विग्रह स्थापना की सम्पूर्ण योजना के पत्रक का विमोचन रविवार को सिवांची गेट के बाहर गुरु शिवदत्त स्मारक ( गढ़ी ) में स्थित स्वामी कृष्णानन्द स्मृति सभागार में किया गया। पण्डित सोमदत्त अग्निहोत्री के सान्निध्य में वास्तुशिल्पि चम्पालाल सोमपुरा सिरोही व ई. सुदेश पुरोहित की ओर से पुष्करणा वेलफेयर एसोसिएशन सोसायटी के प्रस्तावित मन्दिर जीर्णोद्धार की सम्पूर्ण रूपेरखा 3 डी चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। नवचौकिया मोहल्ला पुष्टिकर ब्राह्मण धार्मिक एवं विकास प्रन्यास , जोधपुर पुष्करणा वेलफेयर एसोसिएशन सोसायटी की ओर से आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के लोकायुक्त जस्टिस पीके लोहरा व समारोह अध्यक्ष सूरसागर विधायक सूर्यकान्ता व्यास थे।