घर लौटे पिता को बच्चे नहीं दिखे, पत्नी ने चारपाई पर चद्दर डालकर नींद में होना बताया, पिता ने चद्दर हटाई तो बच्चे नहीं मिले
जोधपुर/आगोलाई.
बालेसर थानान्तर्गत आगोलाई के टीकमगढ़ गांव में मकान के बाहर टांके में मासूम भाई बहनों के शव मिलने के मामले में गुरुवार को सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इन बच्चों को मां ने ही एक-एक कर टांके में डुबाकर हत्या की थी। अवैध संबंध उजागर होने के बाद तानों की वजह से उसने दोनों बच्चों की हत्या की। आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि टीकमगढ़ गांव निवासी पूजा (7) पुत्री बाबूराम जाट व उसके भाई महीपाल (5) के शव बुधवार रात घर के बाहर पानी के टांके में मिले थे। शव बाहर निकलवाकर बालेसर अस्पताल की मोर्चरी भेजे गए, जहां गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। मामला संदेहास्पद होने से एफएसएल बुलाकर जांच करवाई गई। संदेह के आधार पर पति-पत्नी से पूछताछ की गई। पत्नी ने दोनों बच्चों को टांके में डूबोकर हत्या करना स्वीकार किया। पति ने पत्नी के खिलाफ बेटे व बेटी की हत्या का मामला दर्ज कराया।
/
वीडियो वायरल होने से बदनामी
पुलिस का कहना है कि कुछ समय पहले आरोपी महिला का किसी अन्य व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया था। पति को पता लगा तो उसने नाराजगी जताई थी। तब से दोनों में अनबन होने लग गई। पति घर आता तो उलाहना देता था। गांव में भी सामाजिक स्तर पर तरह-तरह की बातें होने लगी थी।
पति घर आया तो बोली, बच्चे सो रहे हैं
बाबूलाल बुधवार शाम घर आया तो दोनों बच्चे नजर नहीं आए। पति के पूछने पर पत्नी ने कहा कि बच्चे सो रहे हैं। पति ने चद्दर हटाई तो बच्चे नजर नहीं आए। संदेह होने पर उसने पहले खुद की ढाणी और फिर गांवभर में तलाश की। फिर घर लौटा और टांके का ढक्कन हटाया तो उसमें दोनों बच्चों के शव नजर आए। दादी-दादी और घर के अन्य सदस्यों के आंसू थम नहीं रहे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा…
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) भोपालसिंह लखावत ने बताया कि मृतका का पति अधिकांशत: बाहर रहता है। दस-बारह साल पहले बांवरली के अजीत नगर निवासी मधु से उसकी शादी हुई थी। ग्रामीणों को अंदेशा है कि हत्या से पहले बच्चों को अफीम या अन्य कोई नशीला पदार्थ खिलाया है। हत्या से पहले नशीला पदार्थ खिलाने के बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।