जोधपुर. बांग्लादेश में अल्पसंयक हिंदुओं के साथ अत्याचार व मॉब लिंचिंग कर हत्या करने की घटना सामने आने पर शहर के विभिन्न संगठनों सहित सर्व हिंदू समाज के लोगों ने शुक्रवार को जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। शहर के नई सड़क चौराहे पर शुक्रवार शाम चार बजे से संत, युवा व महिलाओं ने हाथों में तिरंगा व भगवा ध्वज लहराते हुए व बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर सरकार से मांग की तख्तियां लिए जन सैलाब उमड़ा। यहां से रैली के रूप में हनुमान चालीसा पाठ एवं जय श्रीराम के नारे लगाते हुए कलक्ट्रेट के लिए प्रस्थान किया। सर्व हिन्दू समाज की ओर से संत डॉ. रामप्रसाद, सेनाचार्य अचलानंद गिरी, हनुमानदास सहित एक दर्जन से अधिक संतों की अगुवाई में रैली निकाली गई।
ज्ञापन दिया, सुरक्षा की मांग
रैली ने जिला कलेक्टर कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति, संयुक्त राष्ट्र संघ व अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के नाम ज्ञापन देकर बांग्लादेश में हिन्दू अल्पसंयक लोगों की सुरक्षा की मांग की गई। रैली में सन्तों ने एक स्वर में कहा कि हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आरोपी लोगों को कड़ी सजा दी जाए।
कड़े सुरक्षा इंतजाम
कलेक्ट्रेट के बाहर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ऐसे में कलेक्ट्रेट के बाहर आक्रोशित लोगों की जय श्री राम के जयघोष की गूंज के साथ-साथ हाथों में लहराते तिरंगा व भगवा झंडे से माहौल भगवामय हो गया। वहीं पुलिस ने भी बैरिकेड लगाकर कड़े सुरक्षा इंतजाम कर रखे थे।
शर्मसार करने वाली घटना
समाजसेवी हरदयाल वर्मा ने कहा कि इस्लामिक कट्टरपंथी ताकतों ने छात्र आंदोलन के नाम पर बांग्लादेश अराजकता फैला रहा है। समाजसेवी डॉ. राम गोयल ने कहा कि बांग्लादेश में भारत राष्ट्र से संबंधित स्मारकों को निशाना बनाकर उन्हें खंडित किया जा रहा है। इस दौरान सर्व समाज के प्रकाश जीरवाला, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष जसवंतसिंह विश्नोई, विधायक देवेंद्र जोशी, विधायक अतुल भंसाली, देवेंद्र सालेचा, हनुमानसिंह खांगटा, कालूराम सोनेल, जेपी नायक, हस्तीमल सारस्वत तथा महेंद्र मेघवाल सहित विभिन्न के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।