वीडियो : मनोज सैन/जोधपुर. झालामंड स्थित श्रीयादे माता पावन धाम के मंदिर में बुधवार सुबह 108 दीपक की महाआरती के आयोजन के साथ जयंती समारोह का आगाज हुआ। श्रीयादे धाम अध्यक्ष नेमीचंद तेनगरिया ने बताया कि बुधवार सुबह झालामंड पाली रोड श्रीयादे माता मंदिर से शोभायात्रा गाजों बाजों के साथ रवाना हुई। जो विभिन्न मार्गों से होते हुए दोपहर को वापस श्रीयादे माता धाम झालामंड पहुंची। मेला अध्यक्ष दयाल प्रजापत ने बताया कि शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र सोजत की कच्छी घोड़ी नृत्य, कनाना की प्रसिद्ध गेर सहित धार्मिक एवं सामाजिक जागरुकता का संदेश देती 151 झांकियां रहीं। इस अवसर पर देशभक्ति का जज्बा देने वाली झांकी ने सभी को आकर्षित किया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर व नेत्र चिकित्सा शिविर आदि का आयोजन किया जा रहा है। वहीं मंगलवार को एक शाम श्री यादे माता के नाम भक्ति संध्या का आयोजन हुआ। भजन संध्या में कलाकार विक्की मनचला, खुशबू कुंभट, नटवर राव, अंबा राव, छवर माली ने भजनों की सरिता बहाई। कलाकारों ने श्रीयादे माता की भक्ति से ओतप्रोत एक से बढकऱ एक भजनों की प्रस्तुति दी थी।