हिण्डौनसिटी.रक्त की अपर्याप्तता झेल रहे जिला चिकित्सालय को जयपुरिया अस्पताल की ब्लड बैंक से 50यूनिट रक्त की आपूर्ति मिल गई है। मदर ब्लड बैंक से रक्त मिलने के बाद रक्त संग्रहण केंद्र में सभी ग्रुप की यूनिटों पर्याप्त उपलब्धता होने से रोगियों को ब्लड मिलना प्रारंभ हो जाएगा।
जिला स्तरीय चिकित्सालय के रक्त संग्रहण केंंद्र में रक्त की अपर्याप्तता को लेकर राजस्थान पत्रिका ने 28 जुलाई को एक माह में खप गया 54 यूनिट रक्त, अस्पताल में ब्लड का टोटा शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। जिसमें एक सप्ताह से रक्त संग्रहण केन्द्र के रिजर्व मोड़ पर होने रक्ताल्पता के सामान्य रोगियों को हो रही परेशानी को प्रमुखता से उजागर किया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद जिला चिकित्सालय प्रशासन ने जयपुरिया अस्पताल को भेजे मांग पत्र पर आपूर्ति देने की मांग को दोहराया। इस हिण्डौन में लग रहे रक्तदान शिविर में आई जयपुरिया ब्लड बैंक की टीम साथ में 50 यूनिट रक्त लेकर आई। जिससे जिला चिकित्सालय की रक्त संग्रहण टीम को सौपा गया। इससे रक्त संग्रहण केंद्र में रक्त की उपलब्धता 52 यूनिट हो गई। रक्त संग्रहण केन्द्र प्रभारी मनीष दीवान व लैब तकनीशियन मयंक भारद्वाज ने रेकॉर्ड से संधारित कर ब्लड यूनिटों को रेफ्रिजरेजर में संरक्षित किया। वहीं रक्त संग्रहण केन्द्र से ओ नेगेटिव समूह की एक यूनिट मदर ब्लड़ बैंक को लौटाया गया।
ए ग्रुप में कटौती का बी को बढ़़ाया
रक्त संग्रहण केन्द्र प्रभारी ने बताया कि मदर ब्लड बैंक से मिली आपूर्ति में ए ग्रुप की यूनिट में कटौती कर बी ग्रुप ज्यादा दिया है। ए ग्रुप की आपूर्ति 15 यूनिट की तुलना में 9 व बी ग्रुप का ब्लड 15 के स्थान पर 18 यूनिट मिला है। 53 यूनिट के मांग पत्र 50 यूनिट की आपूॢत हुई है।
फैक्ट फाइल
चिकित्सालय में रक्त की उपलब्धता
ब्लड ग्रुप यूनिट
ए 10
बी 19
ओ 20
एबी 3
इनका कहना है
जयपुरिया अस्पताल की मदर ब्लड बैंक से 50 यूनिट रक्त की आपूर्ति मिली है। चिकित्सकों के परामर्श पर जरुरतमंद रोगियों को रक्त जारी किया जा रहा है।
पुष्पेंद्र कुमार गुप्ता, पीएमओ
जिला चिकित्सालय, हिण्डौनसिटी।