
Kailadevi Lakhi Mela News: राजस्थान के करौली जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ कैलादेवी मंदिर में सोमवार से चैत्र मास का प्रसिद्ध लक्खी मेला शुरू हो गया है। मेले के पहले दिन ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। यह मेला 16 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगा और इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है।
जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के अनुसार इस बार मेले में करीब 40 से 50 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर में दर्शन का समय भी तय किया गया है। भक्त सुबह 4 बजे मंगला आरती से लेकर रात 9 बजे तक माता के दर्शन कर सकेंगे।
मेले में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र में लगभग 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और निगरानी के लिए करीब 320 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पूरे मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।
मेले के दौरान हिण्डौन से कैलादेवी तक करीब 50 से 55 किलोमीटर लंबे मार्ग पर भक्ति का अनोखा माहौल देखने को मिल रहा है। रास्ते में कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से भंडारे लगाए गए हैं, जहां पदयात्रियों के लिए भोजन, पानी, विश्राम और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजस्थान रोडवेज ने विशेष व्यवस्था की है। प्रदेश के 45 डिपो से करीब 300 बसों का संचालन किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
Updated on:
16 Mar 2026 05:10 pm
Published on:
16 Mar 2026 04:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
