7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Karauli Firing: सरकारी स्कूल में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, महिला टीचर के पति पर लगा आरोप, एक घायल

Firing In Government School: करौली के टोडाभीम क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय में गुरुवार सुबह फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई। विद्यालय परिसर में हुई गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद किया है।

2 min read
Google source verification
Firing In Government School

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो- पत्रिका

करौली। टोडाभीम क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय असरो में गुरुवार सुबह फायरिंग की वारदात से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में गोली लगने से राहगीर युवक सुनील कुमार नायक निवासी त्रिशूल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य लोगों को भी छर्रे लगने से चोटें आई हैं।

पुलिस प्रशासन हरकत में आया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक मुरारीलाल मीणा तथा थाना प्रभारी सुणीलाल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायल युवक की स्थिति के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली।

संस्था प्रधान ने रिपोर्ट दर्ज कराई

संस्था प्रधान हरिराम मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें एक अध्यापिका के पति भीमसिंह सहित कुछ अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे विद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित हो रही थीं। इसी दौरान विद्यालय में कार्यरत अध्यापिका, जो पिछले कई दिनों से अनुपस्थित चल रही थीं, विद्यालय पहुंचीं। संस्था प्रधान ने उनसे अनुपस्थिति के संबंध में पूछा तो अध्यापिका नाराज हो गईं।

संस्था प्रधान को धमकी दी

आरोप है कि अध्यापिका ने संस्था प्रधान को धमकी दी और बाद में अपने पति भीमसिंह को फोन कर विद्यालय बुला लिया। रिपोर्ट में बताया गया कि अध्यापिका के पति ने विद्यालय पहुंचते ही संस्था प्रधान और स्टाफ के साथ मारपीट की। इसके बाद धमकी देते हुए चला गया कि वह वापस आकर गोली मारेगा।

इसके बाद करीब साढ़े 9 बजे आरोपी भीमसिंह अपने साथ पुष्पेंद्र, तरुण तथा 5-6 अन्य लोगों को लेकर विद्यालय परिसर में दोबारा आया। आरोप है कि सभी आरोपी हथियारों से लैस थे और उन्होंने विद्यालय परिसर में करीब 6-7 राउंड फायर किए। फायरिंग की आवाज सुनकर विद्यालय स्टाफ अनिता मीणा, भगवान सहाय, सूरजलाल, रवीना सहित अन्य शिक्षक और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव और छीना-झपटी के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा गिर गया, जिसे पुलिस ने विद्यालय परिसर से बरामद कर लिया।

इनका कहना है

मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। विद्यालय परिसर से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है।

  • सुणीलाल मीणा, थाना प्रभारी, टोडाभीम