करौली. शहर में विभिन्न स्थानों पर गणेश महोत्सव की धूम मची हुई है। विभिन्न मोहल्लों में सजे गणेश पांडालों में गणपति बप्पा मोरिया… के स्वर गुंजायमान हो रहे हैं। वही नियमित रूप से हो रही महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेने पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में यहां सायनाथ खिड़किया बाहर समस्त श्री गणेश भक्त मंडल के तत्वावधान में गणेश महोत्सव का आयोजन हो रहा है। आयोजन के तहत भगवान गजानन की प्रतिमा की स्थापना कर भव्य दरबार सजाया हुआ है। जहां नियमित रूप से आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी क्रम में गणेश महोत्सव पंडाल में भजन संध्या का आयोजन हुआ। साथ ही सजीव धार्मिक झांकियां भी सजाई गई। भजन संध्या में गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कलाकारों ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की।
इसके बाद कलाकारों ने गणेशजी सहित खाटूश्यामजी व अन्य भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को झूमने को विवश कर दिया। सायनात खिड़किया बाहर यह तृतीय गणेश महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इसी प्रकार यहां चौबेपाड़ा में नवलबिहारीजी मंदिर के पास गणेश भक्त मण्डल चौबेपाड़ा की ओर से गणपति स्थापना महोत्सव एवं श्री गणेश महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन चल रहा है। इससे क्षेत्र का माहौल धर्ममय बना हुआ है। सजे-धजे पांडाल में भगवान गणपति की बड़ी प्रतिमा विराजमान है। गणेश चतुर्थी के मौके पर गणेश प्रतिमा की स्थापना के साथ गणेश महोत्सवकी शुरूआत हुई थी। कार्यक्रम में प्रतिदिन महाआरती की जा रही है। आचार्य दीपक शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणपतिजी की पूजा और महाआरती कराई जाती है। भक्त मण्डल के सदस्य राम शर्मा, गुड्डू, दीपक शर्मा, सूरज शर्मा, टिंकू सोनी, गोलू सहित अन्य रहे हैं।
भक्त मण्डल सदस्यों के अनुसार महोत्सव के समापन पर 28 सितम्बर को दोपहर 2 बजे धूमधाम से गणपति प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।