हिण्डौनसिटी. कोटा रेल मंडल के नए डीआरएम अनिल कालरा कार्यभार ग्रहण करने के दूसरे दिन गुरुवार को दौरे पर आए। हिण्डौन रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने अल्प ठहराव में अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों को बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही प्रोजेक्ट प्रभारी और संबंधित मंडल अधिकारियों को नसीहत दी कि, ठीक से काम करो, आगे सीनियर ऑफिसर देखेंगे तो क्या कहेंगे। हर काम की सही से मॉनीटरिंग भी होनी चाहिए।
दोपहर बाद करीब एक बजे दो बोगियों के स्पेशल सैलून से आए डीआरएम कालरा ने मंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ प्लेटफार्म क्रमांक एक पर यात्री प्रतीक्षालय, पार्सल ऑफिस का निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। डीआरएम में प्रतीक्षालय में दीवार पर लगी ग्रेनाइट की स्कार्टिंग की सही कटिंग नहीं होने की नुख्स को पकड़ लिया। इस पर साथ मौजूद अधिकारियों ने झेंपते हुए खामी को दुरुस्त कराने की बात कही। डीआरएम बांस-बल्लियों के नीचे से निकल दूसरे प्रतीक्षालय में पहुचे। और निर्माण कार्य का अवलोकन किया। डीआरएम मुख्य प्रवेश द्वार के पास वेटिंग एरिया में भगवान बुद्ध की प्रतिमा के पास रुके और अधिकारियों को छत के पास दीवार से बाहर की ओर निकल रहे प्लास्टर के लिए टोक दिया। बाद में बाहर प्रांगण में खोदी गई सडक़ को ठीक करने व कॉलोनी से मिलान करने को कहा। जिससे यात्रियों को रेलवे स्टेशन परिसर में आते ही पुनर्विकास में हुए बदलाब का अहसास हो सके। साथ ही स्टेशन परिसर का मुख्य द्वारा निर्माण करने की बात कही। इससे अधीक्षक केएस मीणा ने रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। बाद में वे बयाना की ओर रवाना हो गए।