कौशाम्बी. पिछले कई दिनों से हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनने लगी है। बारिश के पानी की सही निकासी न होने से घरों में घुसने लगा है। जिसके चलते कच्चे मकान धराशाही होने लगे हैं।
नगरीय इलाके में पानी की निकासी न होने से लोगों में आक्रोश भी है। जिले के कई सरकारी दफ़्तप भी झमाझम बारिश के बाद पानी पानी नजर आ रहे हैं। मानसून देर से आने के बाद पिछले पांच दिनों से रुक रुक कर जोरदार बारिश हो रही है। बारिश के बाद नगरीय क्षेत्र की ज्यादातर नालियां चोक हो गई हैं।
बारिश का पानी लोगों के घरों में घुसने लगा है। नगर पालिका भरवारी के कई मुहल्लों में पानी की सही निकासी न होने से कई गरीबों के कच्चे आशियाना जमीदोज हो गए। ऐसे लोगों को मजबूरन दूसरों के घरों में शरण लेनी पड़ रही है। नगर प्रशासन न तो घरों में घुसे पानी की निकासी की व्यवस्था कर रहा है और न ही पीड़ित लोगों के रहने की मुकम्मल इंतजाम किए जा रहे हैं।
पांच दिन पहले फायर बिग्रेड की टीम ने पानी निकालने का प्रयास किया लेकिन वह भी लगातार हो रही बारिश के चलते नाकाफी साबित हुआ। बारिश से पीड़ित लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन उन्हें किसी सुरक्षित स्थान पर रुकवाने की व्यवस्था करे, वह कब तक दूसरों के घरों में शरण लेकर रहेंगे। नगर पालिका भरवारी के अलावा जिले के कई दर्जन गांव ऐसे है जहां के दलित बस्तियों में बारिश के पानी की निकासी न होने से लोगों के घरों में घुस गया है।
मुहल्ले, घरों के अलावा बारिश के पानी से कई सरकारी दफ्तर भी बदहाल नजर आ रहे हैं। सिराथू ब्लॉक परिसर में इतना पानी भर गया है कि कर्मचारियों व फरियादियों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। कुल मिलाकर लगातार हो रही बारिश ने जिला प्रशासन की तैयारियों को नाकाफी साबित कर दिया है।