
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI
कौशांबी में रविवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे ने सभी को झकझोर दिया। कानपुर जा रही मां और उसकी छह साल की बेटी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह हादसा बच्चे की आंखों के सामने हुआ। जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सिराथू रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक बेहद दुखद हादसा हुआ। गौसपुर नवावा गांव की रहने वाली बानो (32) और उनकी छह साल की बेटी हमीरा की एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ। जब दोनों प्लेटफॉर्म बदलने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। इस दौरान बानो का दस साल का बेटा अहाद भी साथ था। जिसने अपनी मां और बहन को अपनी आंखों के सामने खो दिया।
जानकारी के मुताबिक, बानो का परिवार कानपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। बानो के पति जाहिद सऊदी अरब में रहते हैं। रविवार सुबह करीब सात बजे बानो अपने बेटे अहाद और बेटी हमीरा के साथ घर से निकली थीं। उनके साथ जेठ शाहिद खान, जेठानी जबीना बेगम और पड़ोसी सलमान अपनी पत्नी फिजा के साथ थे। सभी लोग ऑटो से सिराथू रेलवे स्टेशन पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिवार प्लेटफॉर्म पर मेमो ट्रेन का इंतजार कर रहा था। करीब साढ़े आठ बजे स्टेशन पर ट्रेन के प्लेटफॉर्म बदलने की घोषणा हुई। इसके बाद बानो अपनी बेटी के साथ ट्रैक पर उतरकर दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ने लगीं। उसी समय कानपुर से प्रयागराज जा रही तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। दोनों संभल नहीं सकीं और ट्रेन की चपेट में आ गईं।
हादसा इतना भयानक था कि मां-बेटी के शव के टुकड़े करीब 50 मीटर के दायरे में बिखर गए। स्टेशन परिसर में चीख-पुकार मच गई। कुछ देर के लिए रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही RPF और GRP के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पॉलिथीन में शवों के टुकड़े एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी स्टेशन पहुंचे। परिजन परवेज खान ने कहा कि समझ नहीं आ रहा कि इतनी जल्दी क्यों की गई। GRP पुलिस का कहना है कि यह हादसा लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन पर केवल फुटओवर ब्रिज और निर्धारित रास्तों का ही इस्तेमाल करें। क्योंकि ट्रैक पार करना जानलेवा हो सकता है।
Updated on:
25 Jan 2026 03:51 pm
Published on:
25 Jan 2026 03:51 pm
