बढ़ती महंगाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार शाम को अनोखा प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिर पर टोकरी में गोबर के उपले तो अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता हाथों में लकड़ी, कोयले, गैस सिलेंडर, स्टोव लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां महंगाई को लेकर प्रशासन पर हमला बोला। कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर केआर बड़ोले को ज्ञापन भी सौंपा।
शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंगलवार शाम 5 बजे कांग्रेस ने हल्ला बोल प्रदर्शन किया। अपर कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बेकाबू हो चुके हैं, ऊपर से पर्याप्त उपलब्धता भी नहीं है। नतीजतन, गरीब और मध्यम वर्ग का घर चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी ने लोगों की कमर तोड़ दी है और भारी-भरकम बिलों ने जनता को आर्थिक संकट में धकेल दिया है।