खंडवा. बाजार की यातायात व्यवस्था सुदृण करने की कवायद इन दिनों तेजी से चल रही है। नोपार्किंग में लगने वाले वाहन, हाथ ठेले और फुटपाथ पर कारोबार करने वालों को बीते कई दिनों से पुलिस हिदायत दे रही है। ताकि त्योहार के समय बाजार की व्यवस्था सुचारू बनी रहे। लेफ्ट कार्नर को सुरक्षित करने के लिए भी काम चल रहा है। इसी व्यवस्था को बनाने के दौरान एक महिला हवलदार से ठेले वाला उलझ गया। शनिवार की दोपहर ठेला हटाने की बात पर जमकर विवाद हुआ। ठेले वाले ने महिला पर आरोप लगाते हुए अभद्रता की तो महिला हवलदार ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। मामलू तूल पकड़ा तो दोनों पक्ष यातायात थाना पहुंच गए।
ठेले वाले रोकते हैं रास्ता
बॉम्बे बाजार शहर का सबसे व्यस्ततम मार्ग है। यहां यातायात को सुचारू रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। बीते चार दिनों से यातायात पुलिस के अधिकारी इस मार्ग पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। हवलदार गीता की ड्यूटी भी यहां केवलराम चौराहे पर लगाई गई थी। उन्होंने जब वहां सड़क पर खड़े ठेले हटवाए तो एक ठेला वाला दशरथ उनसे उलझ गया।
बच्चों को खिलाती हैं फली
मूंगफली बेचने वाले दशरथ का कहना है कि महिला हवलदार उनके ठेले से फली उठाकर रास्ते से गुजरने वाले बच्चों को खिला देती हैं। खुद के लिए जब खरीदी करती हैं तो कीमत कम देती हैं। कोई गंभीर आरोप दशरथ के नहीं थे। लेकिन विवाद की जड़ सिर्फ इतनी रही कि पुलिस ने ठेला हटा लेने को कहा और दशरथ चाह रहा था कि वह बाजार में ही ठेला लेकर खड़ा रहा।
जोड़ जुगाड़ की चर्चा
इस हंगामे के बाद ठेले वालों में ऐसी चर्चा रही कि जोड़ जुगाड़ से ठेले वाले बाजार में खड़े होते हैं। बाजार क्षेत्र में ठेले वाले ही व्यवस्था बिगाड़ते हैं। जबकि यातायात पुलिस के अधिकारियों ने यहां ड्यूटी पर रहने वाले कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी िस्थति में यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। महिला हवलदार भी वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश का पालन कर रही थी।
वर्जन…
महिला हवलदार से ठेले वाले के विवाद की सूचना आई है। दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत नहीं दी। अगर कोई शिकायत मिलती है तो वैद्यानिक कार्रवाई करेंगे।
– देवेन्द्र सिंह परिहार, सूबेदार, थाना यातायात