बड़ाबाजार से लिलुआ तक गूंजा जय बाबे री, ध्वजा यात्रा में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
राजस्थान के लोकदेवता बाबा रामदेव के दशमी महोत्सव के पहले कोलकाता के बड़ाबाजार से विराट ध्वजा यात्रा निकाली गई। पोस्ता गणेश मंदिर से प्रारम्भ हुई ध्वजा पदयात्रा मालापाड़ा, कलाकार स्ट्रीट, महात्मा गांधी रोड होते हुए लिलुआ स्थित बाबा धाम पहुंची। इस दौरान हाथों में ध्वजा लिए और चालो रे चालो, बाबा रामदेव रे दरबार तथा पैदल आस्यां, रुणिचे जास्यां जैसे बाबा के राजस्थानी भजनों पर नाचते गाते महिला, बच्चे, बुजुर्ग सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति सागर में गोता लगाया। बड़ी संख्या में बाबा भक्तों की उपस्थिति से बड़ाबाजार से लेकर लिलुआ धाम तक पूरा वातावरण जय बाबे री और घणी खम्मा के जयकारों से गूंज उठा। रामदेव पुष्टिकर मण्डल सहित रामदेव भक्त मण्डल मगरा क्षेत्र तथा कोलकाता एवं उपनगर की अन्य कई संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यात्रा में रामदेव प्रचार समिति, रामदेव बाल मण्डल, डाली बाई भक्त संगम आदि अनेक मंडलियां शामिल हुईं। लिलुआ के पुष्टिकर ब्रह्म बगीचा स्थित मन्दिर प्रांगण में सामूहिक महा आरती और प्रसाद वितरण के साथ भव्य ध्वजा यात्रा का समापन किया गया।