कोटा. सवाईमाधोपुर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट कोटा ने सोमवार को सवाईमाधोपुर के कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक में कार्यरत अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी (एएओ) प्रवीण सक्सेना को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सक्सेना ने घूस की यह राशि एक निलम्बित शिक्षिका के खिलाफ दी गई शिकायत पर कार्रवाई करने की एवज में मांगी थी। आरोपी के खिलाफ बोरखेड़ा निवासी शंभूदत्त मेघवाल ने 11 जनवरी को एसीबी को परिवाद दिया था।
एसीबी स्पेशल यूनिट कोटा इकाई के उपाधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि शिक्षिका संजू मेघवाल को लेकर की गई शिकायत की जांच आरोपी प्रवीण सक्सेना के पास लम्बित थी। 16 सीसी की शिकायत पर कार्रवाई करने की एवज में आरोपी ने 75 हजार रुपए की मांग की थी। इस पर 60 हजार रुपए में मामला तय हुआ। सत्यापन के दौरान आरोपी ने राशि लेने से इंकार कर दिया। उसने कहा कि काम पूरा होने के बाद एक साथ राशि लेगा। जांच कार्य पूरा होने पर आरोपी की ओर से परिवादी को घूस की राशि देने के लिए बार-बार फोन किए जा रहे थे। इस पर सोमवार का दिन तय किया गया। आरोपी ने परिवादी को उसके कार्यालय पर बुलाया था। सुबह परिवादी कार्यालय पहुंचा और आरोपी प्रवीण सक्सैना को 50 हजार की रिश्वत की राशि दी, एसीबी टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आवास पर तलाश जारी
आरोपी का सवाईमाधोपुर में नगर सेठ का बाग के पीछे आवास है। एसीबी द्वारा इस आवास सहित अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है। एसीबी की कार्रवाई के दौरान आवास के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एसीबी महानिरीक्षक सवाईसिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी की ओर से मामले में लम्बित पत्रावली की भी जांच की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा।