कोटा. गौर गौर गोमती, ईसर पूजे पार्वती जैसे पारम्परिक गीतों के साथ सांगोद समेत आसपास क्षेत्रों व जिले में शुक्रवार को गणगौर का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। महिलाओं व युवतियों ने सामूहिक रूप से ईसर गणगौर की पूजा अर्चना कर व्रत खोला। इससे पूर्व गणगौर को लेकर घरों में सुबह से ही तैयारियां चलती रही। महिलाएं व युवतियां सजधज कर सामूहिक रूप से पूजन स्थलों पर पहुंची। धार्मिक स्थलों पर सुबह से महिलाओं की भीड़ रही। कई जगहों पर भीड़ के चलते महिलाओं को पूजन करने के लिए भी घंटों इंतजार करना पड़ा। सुहागिन महिलाओं ने गौरी की स्थापना कर सुहाग की सामग्री चढ़ाकर अपने पति की लम्बी उम्र की कामना की। वहीं कुंवारी कन्याओं ने भी पूजा अर्चना कर इच्छित वर की कामना मांगी। शाम को महिलाओं ने ईसर-गणगौर की सवारी निकाली। अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाओं ने सवारी निकाली। भजनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया।