बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर शनिवार को मेनाल घुमने जा रहे कोचिंग छात्रों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर एक कोचिंग छात्र की मौत हो गई जबिक दूसरा छात्र गम्भीर घायल हो गया। घायल छात्र को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया है।
कोटा से कोचिंग छात्रों का एक ग्रुप किराए की बाइकों से मेनाल घुमने के लिए निकला था। एक बाइक पर सीकरीगंज गोरखपुर उत्तरप्रदेश निवासी रवि प्रकाश जायसवाल (17) व आगरा निवासी अरुण सिंह बैठे हुए थे। इनकी बाइक करीब 10 बजे एनएच 27 पर डाबी थाना क्षेत्र में अहिंसा सर्किल के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। दुर्घटना में दोनों कोचिंग छात्र गम्भीर घायल हो गए। सूचना पर डाबी थाना पुलिस व हाइवे एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को डाबी अस्पताल लेकर पहुंचे। गम्भीर हालत होने पर दोनों घायलों को कोटा एमबीएस अस्पताल रैफर कर दिया। एमबीएस पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद छात्र रवि प्रकाश जायसवाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गम्भीर घायल छात्र अरुण सिंह का उपचार चल रहा है। दोनों कोचिंग छात्र एक साल से कोटा में रहकर जेईई की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। डाबी पुलिस मामले की जांच कर रही है।