23 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोटा

अनुपम व अद्भुत है कोटा का ऑक्सीजोन

राज्यपाल ने सिटी पार्क में बिताए सवा दो घंटे

Google source verification

कोटा

image

Mukesh Sharma

Feb 28, 2023

कोटा. कोटा के राजीव गांधी नगर में बन रहे सिटी पार्क ऑक्सीजोन में मंगलवार शाम को राज्यपाल कलराज मिश्र ने करीब दो घंटे व्यतीत किए। इस दौरान वे पार्क को देखकर अभिभूत नजर आए।

राज्यपाल मंगलवार शाम करीब 5 बजकर 50 मिनट पर ऑक्सीजोन पहुंचे, तो जिला प्रशासन व पार्क के आर्किटेक्ट टीम की ओर से उनकी अगवानी की गई। इस दौरान राजस्थानी वेषभूषा में सजे कलाकारों ने मधुर राजस्थानी संगीत के साथ उनका स्वागत किया।


इसके बाद राज्यपाल ई-कार्ट में सवार होकर पार्क का भ्रमण करने निकले। इस दौरान पार्क के आर्किटेक्ट अनूप भरतरिया ने उन्हें सिटी पार्क की पूरी थीम के बारे में जानकारी दी। इस दौरान भरतरिया ने राज्यपाल को एक-एक कर पार्क की मोन्यूमेंट्स और विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पार्क के भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने प्रवेश द्वार के बाद पहले मोन्यूमेंट मार्बल के दमकते मयूर चौक में लगे फाउंटेन की प्रशंसा की। पार्क में बनाई गई नहर, म्यूजिकल फाउंटेन, उल्टा पिरामिड और शीशमहल (ग्लास हाउस) उन्हें खासा भाया। इसके अलावा पार्क में विकसित सेव अर्थ प्लाजा, पक्षियों के बनाई गई एवियरी, डक पोंड से बहता झरना, कलर्ड फाउंटेन, आर्ट हिल और पार्क में विकसित किए गए तरह-तरह के उद्यानों की भी प्रशंसा की।

स्वतंत्रता के साथ ज्ञान का उपयोग करो
राज्यपाल मिश्र ने रोटरी नॉलेज इज फ्रीडम को देखकर कहा कि यह मोन्यूमेंट फ्रीडम का संदेश देने के साथ-साथ प्रकृति के संरक्षण और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा यहां पुस्तक पढ़ता हुआ विद्यार्थी दर्शाया गया है। इसके साथ पुस्तक में पन्ना पक्षी के रूप में उड़ता हुआ दर्शाया गया है। पुस्तक ज्ञान के रूप में है। पक्षी स्वतंत्र रूप में है। इसका अर्थ है स्वतंत्रता के साथ ज्ञान का उपयोग करो। ट्रीमैन के रूप में प्रकृति व मनुष्य का संतुलन दिखाया गया है। यहां कोई भी चार-पांच घंटे आराम से बिता सकता है। यहां काफी शांति की अनुभूति होती है।


पौधरोपण किया
भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने लोटस गार्डन के निकट कदम के वृक्ष का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान मिश्र ने फावड़ा चलाकर खुद ही मिट्टी भी भरी।

हमारी परिकल्पना साकार होने जा रही – धारीवाल
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए कहा कि कोटा को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनाने की हमारी परिकल्पना साकार होने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल कलराज मिश्र ने कोटा सिटी पार्क को अनुपम और अद् भुत बताया है।


पत्रिका ने जगाई थी ऑक्सीजोन की अलख –
शहर में आईएल परिसर से कॉलोनी विकसित करने को लेकर हरियाली को हो रहे नुकसान को लेकर राजस्थान पत्रिका ने यहां ऑक्सीजोन विकसित करने की मुहिम छेड़ी, तो शहरवासी भी साथ हो लिए। इसके बाद राज्य सरकार ने लोगों की भावनाओं व हरियाली को ध्यान में रखते हुए सिटी पार्क ऑक्सीजोन विकसित करने का निर्णय लिया। स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने यहां भव्यतम पार्क बनाने की योजना बनाने के निर्देश दिए। इस पर यहां करीब सौ करोड़ रुपए की लागत से 30 हैक्टेयर क्षेत्र में यह बेहतरीन पार्क बनाया गया है। पार्क में 44 प्रकार की सुविधाएं व दर्शनीय स्थल विकसित किए गए है, जो सहज ही किसी का भी मन मोह लेते है।