सांगोद. महाशिवरात्रि पर भगवान भोले की भक्ति एवं आस्था का संगम यहां निकाली गई भगवान भोले की पालकी में नजर आया। टीम महाकाल एवं भस्म रमैया सेवा समिति की ओर से निकाली गई भोले की पालकी की सवारी को देखने लोगों की भीड़ उमड़ी। जहां से भी सवारी निकली वहां लोग एकटक सवारी को निहारते रहे। भोले की पालकी में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए और डीजे पर बजते भगवान शिव के भजनों पर जमकर नृत्य किया। शाम चार बजे भूतेश्वर बगीची एवं गणेशकुंज मंदिर से शुरू हुई सवारी में भगवान भोले को पालकी में नगर भ्रमण करवाया गया। शोभायात्रा में सजी महाकाल की सजीव झांकी में नृत्य करते युवाओं ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। राख से सने तांडव नृत्य की भाव-भंगिमाओं के बीच युवाओं की झांकी को लेकर एकटक निहारते रहे। अश्वों पर सवार साधू-संतों ने भी सवारी की शोभा बढ़ाई। भगवान शिव की जीवंत झांकी के साथ महाकालेश्वर व शिव-पार्वती विवाह की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही।
भोलेनाथ की झलक पाने उमड़े, बिछाए पलक पावड़े
रामगंजमंडी. महाशिवरात्रि पर्व पर मंगलवार दोपहर भोले बाबा की बारात धूमधाम से निकली। इस दौरान शहर वासियों ने बाबा भोलेनाथ की बारात में हाजिरी लगाई। भोलेनाथ की एक झलक पाने को लोगों ने पलक पावड़े बिछा दिए। शहर के विभिन्न मार्गो में पुष्प वर्षा से भोले बाबा की बारात का स्वागत किया। इससे पूर्व शहर के शिव मानस मंदिर, भीमशंकर महादेव, वटेश्वर महादेव, स्टेशन बालाजी तथा हाउङ्क्षसग बोर्ड स्थित भोलेनाथ के मंदिर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने शिवङ्क्षलग दूध तथा जल से भोलेनाथ का अभिषेक किया। दोपहर करीब 3 बजे राजस्थान मील स्थित श्रीशिव मानस मंदिर से भोले बाबा की बारात प्रारंभ हुई। इसमें सबसे आगे डीजे की धुन पर भजन कीर्तन के साथ ही महिलाएं नाचती-गाती चल रही थीं। इसके बाद महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग की मनमोहक झांकी के नगरवासियों ने दर्शन किए। ढोल और डीजे की थाप पर नृत्य कर रहे युवाओं का उत्साह चरम पर था। त्रिशूलधारी भोलेनाथ की झांकी के ठीक बाद भोलेनाथ नंदी पर सवार थे। बारात का बाजार नंबर दो में ब्रह्मपुरी चौक पर भोले की फौज ने पुष्प वर्षा और आतिशबाजी कर स्वागत किया तो ठंडाई प्रसाद का वितरण भी हुआ। बारात शहर के बाजार नंबर 2, युवा दल चौराहा, अंबेडकर सर्किल, स्टेशन चौराहा, थाने चौराहा होते हुए पुन: राजस्थान मील स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां महाआरती के पश्चात प्रसादी वितरण हुआ। शाम के समय शिव मंदिर व बाजार नंबर दो में भोलेनाथ का मनमोहक श्रृंगार किया गया। भोले की बारात में विधायक मदन दिलावर, पालिकाध्यक्ष देवीलाल सैनी, पालिका उपाध्यक्ष रमेश मीणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र ङ्क्षसह सिसोदिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश गोइन, युवा शक्ति के मुदित श्रृंगी मौजूद रहे। कोरोना काल के बाद सार्वजनिक रूप से होने वाले इस पहले आयोजन में महिलाओं से लेकर युवाओं की भीड़ रही। लोगों का उत्साह देखते बना। बच्चों और महिलाओं की तादाद भी खूब रही।