रोटरी क्लब कोटा व नारायण रैकी सत्संग परिवार मुंबई के सयुंक्त तत्वावधान में स्प्रिचुअल एंड मोटिवेशनल टॉक का आयोजन किया गया। टॉक शो में नारायण रैकी सत्संग परिवार मुंबई से आई नारी रत्न राजेश्वरी मोदी (राज दीदी ) ने आजीवन खुश रहने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य सदैव सुख समृद्धि, स्वास्थ्य, धन वैभव तरक्की की लालसा रखता है और इसे पाने के लिए कभी बुराई, बदला, क्रोध, दूसरों को हानि पहुंचाने की प्रवृत्ति अपना लेता है, जो मनुष्य को पतन की ओर ले जाता है।
इसलिए मनुष्य को हमेशा क्षमा, करुणा परहित, दूसरों की मदद करने का कर्म करते रहना चाहिए। उन्होंने आध्यात्मिक, वेद शास्त्र और विज्ञान के उदाहरण देते हुए निजी जीवन में परिवर्तनों की बात की। राज दीदी ने कहा कि भारत भूमि संतों की भूमि रही है। हमेशा दूसरों के हित के लिए पूरे मन से भावना रखनी चाहिए। हमारे कर्म वापस रिटर्न होकर हमें मिलते है। इसलिए हमेशा अच्छा आचरण करें। प्रोजेक्ट चेयरमैन आशीष बिरला ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान समृद्धि काउंटर से लोगों ने कन्या चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और सुख और समृद्धि के स्मृति चिन्ह प्राप्त किए।
रेडियंट स्टार कोर्स करवाया
दूसरे सेशन में विशेषकर बच्चों के लिए रेडियंट स्टार कोर्स करवाया गया। जिसमे मुंबई से संस्था अध्यक्ष रेखा गारोडिया , संध्या गुप्ता, विद्या शास्त्री ने बच्चों को तनावमुक्त अध्ययन करने, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास बढ़ने, अपनी कार्यक्षमता बढ़ने के उपाय सांझा किए। 500 से अधिक बच्चों ने इसका लाभ उठाया।
1700 दीपों से महाआरती
कार्यक्रम संयोजिका निमिषा मेघवानी, रेखा चौरसिया, सपना बिरला ने बताया कि नारायण रेकी सत्संग परिवार की साधक महिलाओं ने पधारों म्हारे देश, निरालो राजस्थान गीतों पर स्वागत नृत्य किया और हनुमान चालीसा के उद्घोष के साथ दीदी के आगमन पर 1700 दीपों से महाआरती उतरी गई। प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष प्रीतम गोस्वामी, क्लब सचिव दीपक मेहता, कार्यक्रम संयोजक गौरव सिंघवी, प्रिंसिपल कमिशनर ऑफ इनकमटैक्स पुरुषोत्तम त्रिपुरी, एलन के निदेशक गोविन्द माहेश्वरी, नवीन माहेश्वरी, सीएम बिरला समेत बड़ी संख्या में लोग व महिलाएं पहुंचे।