No video available
नागौर. समर्थन मूल्य पर मूंग खरीद में आज से यानि की सोमवार से तेजी आएगी। खरीद केन्द्रों में किसानों को अब 50-50 की संख्या में बुलाया जाएगा। इसके बाद फिर यह संख्या 100-100 कर दी जाएगी। क्रय विक्रय सहकारी समिति के अधिकारियों का कहना है कि किसानों की संख्या बढ़ाते हुए अधिकाधिक मूंग खरीद का प्रयास रहेगा। ताकि काश्तकारों को राहत मिल सके।
जिले में रेाजाना होने वाली खरीद की बढ़ेगी मात्रा
जिले में नागौर, मूड़ता, जायल, पुंदलौता, मूण्डवा, खींवसर, जालसू खुर्द, डेगाना सहित 11 केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर काश्तकारों से मूंग खरीद की जा रही है। अभी तक किसानों से दस, पंद्रह या बीस की संख्या में ही मूंग खरीद की जा रही थी। अब यह संख्या सोमवार से बढकऱ 50 हो जाएगी। अब किसानों को 50-50 की संख्या में बेचान करने के लिए बुलाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि किसानों की संख्या बढऩे के साथ ही तोलाई कराने की सभी व्यवस्थाएं की जा चुकी है। हालांकि समिति की ओर से अब तक नागौर 28609 क्विंटल एवं डीडवाना-कुचामन में 34984 क्विंटल मूंग की खरीद की चुकी है। नागौर में अब तक कुल 1327 एवं डीडवाना-कुचामन जिले में 1463 काश्तकारों से मूंग की खरीद की जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी किसान अपने मूंग बेचान को लेकर परेशान हो रहे थ्ेा। काश्तकारों की इस परेशानी को राजस्थान पत्रिका की प्रकाशित खबर में प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद समिति के अधिकारियों ने भी स्थिति को ध्यान में रखते हुए समर्थन मूल्य मूंग खरीद के लिए अधिकाधिक किसानों को बुलाने का फैसला लिया।
आज से नैफेड के सर्वेयर भी करेेंगे काम
क्रय विक्रय सहकारी समिति के अधिकारियों के अनुसार सोमवार को नैफेड सर्वेयर्स के आने की पूरी उम्मीद है। खरीद की प्रक्रिया में इनके शामिल होने के बाद निश्चित रूप से तेजी आएगी। वेयर हाउस में खरीदी गई मूंग को जमा करने की अब कोई मुश्किल नहीं है। इससे काश्तकारों को काफी हद तक राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।
इनका कहना है…
खरीद की प्रक्रिया में अब और तेजी लाई जाएगी। प्रयास रहेगा कि काश्तकारों से अधिकाधिक खरीद की जाए। ताकि इनको राहत मिल सके। इसके लिए जिले के खरीद केन्द्रों में पूरी व्यवस्थाएं पहले ही की जा चुकी है।
गंगाराम गोदारा, उपजिला रजिस्ट्रार सहकारी समितियां नागौर