
नागौर. दीपावली का मुख्य पर्व सोमवार को पूरे उत्साह एवं पारंपरिक उमंग के साथ मनाया जाएगा। शुभ मुहूर्त में गणेश एवं लक्ष्मी का पूजन किया जाएगा। इसको लेकर शहर के बाजारों एवं मोहल्लों में दीपोत्सव की तैयारियां करने में लोग हुए हैं। रविवार देर रात तक लोगों ने दीपक, झालरें, सजावट का सामान और पूजा सामग्री की जमकर खरीदारी की। बाजार में दुकानें भी दीपावली को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय से अधिक समय तक खुली रही। हर दुकान पर लोगों की चहल-पहल रही। इधर दीपावली की तैयारियों के लिए सुबह से ही घरों में साफ-सफाई और सजावट का दौर जारी रहा। महिलाओं ने रंगोली बनाकर घरों के आंगन सजाए, जबकि बच्चों ने दीपदान और आतिशबाजी की तैयारी की। मंदिरों में भी लक्ष्मी-गणेश पूजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। शाम को शहर के प्रमुख मंदिरों में दीप आरती और पूजा-अर्चना होगी। दीपावली पर सुरक्षा और बिजली व्यवस्था को लेकर प्रशासनि तैयारियां भी की गई है। नगरपरिषद ने सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है, जबकि बिजली विभाग ने निर्बाध आपूर्ति के लिए टीमों को अलर्ट रखा है। फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां और पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें भी तैनात रहेंगी।
दीपावली पर इस मुहूर्त में कर सकते हैं पूजन
नागौर. दीपावली सोमवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। पंडित सुनील दाधीच ने बताया कि चतुर्दशी तिथि समाप्ति दोपहर 03 बजकर 44 मिनट पर होगी। अमावस्या तिथि 3 बजकर 45 मिनट से होगी, और पूरी रात रहेगी। इसी तरह दीपावली पूजन के शुभ मुहूर्त में प्रदोष काल शाम छह बजकर 1 मिनट से रात 8 बजकर 34 मिनट तक रहेगा। इसमें स्थिर वृष लग्न शाम 7 बजकर 31 मिनट से रात 9 बजकर 25 मिनट तक रहेगा। यह समय पूजन के लिए सर्वश्रेष्ठ माना गया है। इसी तरह चौघडिय़ा मुहूर्त में लाभ/अमृत वेला दोपहर 03 बजकर 45 मिनट से 06बजे तक रहेगा। लाभ चौघडिय़ा रात 10 बजकर 46 मिनट से 12 बजकर 21 मिनट तक रहेगा। शुभ, अमृत, चर चौघडिय़ा रात 01 बजकर 56 मिनट से सुबह 06 बजकर 11 मिनट तक रहेगा। महानिशीथ काल में स्थिर सिंह लग्न 01 बजकर 54 मिनट से 04 बजकर 9 मिनट सुबह तक रहेगा। यह समय तांत्रिक विधि से पूजन के लिए अच्छा माना गया है।
ऐसे करें गणेश-लक्ष्मी पूजन
पंडित दाधीच ने बताया कि पूजन की शुरुआत गणपति से होगी। इसके पश्चात लक्ष्मी-नारायण पूजन करना चाहिए। माता लक्ष्मी के साथ सरस्वती माता, कुबेर, श्री यंत्र का भी पूजन कर सकते हैं। इसके पश्चात कमल पुष्प, कमलगट्टा, पीली कौड़ी, साबुत हल्दी, साबुत धनिया आदि अर्पण करना चाहिए। व्यापारी वर्ग इस दिन गद्दी स्थापना, बही-खाता पूजन, कलम-दवात पूजन, तथा महाकाली पूजन कर सकते हैं।