नागौर. नागौर एवं डीडवाना-कुचामन जिले में मूंग का बेचान करने के लिए बुलाए जाने वाले किसानों में अभी तक महज ५०-५५ प्रतिशत ने ही मूंग का बेचान किया है। जबकि शेष अभी तक खरीद केन्द्रों पर नहीं पहुंचे हैं। हालांकि खरीद केन्द्रों की ओर से सभी किसानों को खरीद तिथि की सूचना अलग से भी दी जा चुकी है। इस संबंध में क्रय-विक्रय समिति के अधिकारियों का कहना है कि आवंटित तिथि से लेकर १० दिनों तक के समय में किसान कभी भी अपनी मूंग का बेचान समर्थन मूल्य केन्द्रों पर आकर कर सकते हैं। अब समिति की ओर से किसानों को यह भी कहा जा रहा है कि वह खरीद तिथि से दस दिनों की समयावधि में आकर मूंग का बेचान कर लें, नहीं तो फिर इसके बाद आएंगे तो उनकी मूंग खरीद केन्द्रों की ओर से नहीं ली जाएगी।
समर्थन मॅूल्य मंूग बेचान करने में काश्तकारों की दिलचस्पी तो बढ़ी है, लेकिन अब वह भी खरीद केन्द्रों पर पहुंचने में कोताही बरत रहे हैं। नागौर एवं डीडवाना-कुचामन जिले के काश्तकारों की लगभग एक-दूसरे से मिलती-जुलती स्थिति है। जिले में लगभग ९९ प्रतिशत खरीद केन्द्रों के आंकड़ों का आंकलन करने पर स्पष्ट हो जाता है कि नागौर जिले में डेगाना, रियाबड़ी हो या फिर जिला मुख्यालय नागौर का खरीद केन्द्र रहा हो, इन सभी केन्द्रों पर बुलाए जाने वाले किसानों यानि की बेचान करने की आवंटित तिथि में ५० प्रतिशत से ज्यादा ने मूूंग बेचान नहीं किया है।
नागौर जिले में खरीद केन्द्रों पर पहुंचे किसानों की स्थिति
खरीद केन्द्र बुलाए गए किसानों की संख्या पहुंचे किसानों की संख्या
डेगाना ७६० ५२८
पुंदलौता ३४५ २०४
खींवसर ७७५ ५१८
जारोड़ा ५०५ २३४
रियाबड़ी ४६५ २२७
मेड़ता ७४५ ३९६
मेड़तातिलमसंघ ५७० ३४६
मूण्डवा ७९५ ५६५
जायल १३९५ ८९२
नागौर १३९५ ८४७
डीडवाना-कुचामन जिला में खरीद केन्द्रों की स्थिति
खरीद केन्द्र बुलाए किसानों की संख्या पहुंचे किसानों की संख्या
डीडवाना १९८५ १३२५
गच्छीपुरा ९०५ ६५१
लाडनू ९३५ ६१७
कुचामन १२३२ ६८७
परबतसर २१९६ १५२६
दोनों जिलों में पादुखुर्द खरीद केन्द्र से शतप्रतिशत किसान पहुंचे
नागौर एवं डीडवाना-डीडवाना कुचामन जिले में नागौर का पादुखुर्द एकमात्र ऐसा खरीद केन्द्र है। जहां से बुलाए गए किसान समर्थन मूल्य पर मूंग का बेचान करने शतप्रतिशत लोग पहुंचे। इस खरीद केन्द्र के माध्यम से कुल २५५ किसान बुलाए गए थे। पूरे २५५ किसान अपनी मूंग बेचान कर चुके हैं।
एक नजर इस पर भी
.डीडवाना-कुचामन जिला में आवंटित तिथि यानि की बुलाए गए किसानों की कुल संख्या- ७२५३
.डीडवाना कुचामन जिला के खरीद केन्द्रों पर बेचान करने पहुंचे कुल किसानों की संख्या-४८०६
.डीडवाना-कुचामन जिला में बुलाए जाने के बाद अब भी अब तक नहीं पहुंचे किसानों की कुल संख्या-२४४७
.नागौर जिला के खरीद केन्द्रों में कुल बुलाए गए किसानों की संख्या- ८००५
.नागौर जिला के खरीद केन्द्रों में अब बेचान करने पहुंचे कुल किसानों की संख्या-४७५७
.नागौर जिला के खरीद केन्द्रों में बेचान करने नहीं पहुंचे किसानों की संख्या-३२४८
.नागौर एवं डीडवाना- कुचामन के दोनों जिलों में कुल बुलाए गए किसानों की संख्या-१५२५८
.नागौर एवं डीडवाना-कुचामन दोनों जिलों में नहीं पहुंचने वाले कुल किसानों की संख्या-५६९५
.नागौर एवं डीडवाना-कुचामन के दो जिलों में बेचान करने वाले किसानों की संख्या-९५६३
फिर नहीं खरीदी जाएगी मूंग
समर्थन मूल्य पर मूंग बेचान करने के लिए आवंटित तिथि जारी होने के बाद भी नहीं पहुंचने वाले किसानों के संदर्भ में क्रय विक्रय सहकारी समिति के अधिकारियों का मानना है कि अभी रबी फसलों की भी बुआई चल रही है। काफी संख्या में किसान इस कार्य में भी व्यस्त हैं। इसके अलावा बेचान करने के लिए तिथि का आवंटन होने के पश्चात भी उनको पूरे १० दिन का समय दिया जा रहा है। इस वजह से हो सकता है कि वह अपनी सुविधानुसार मूंग का बेचान करेंगे। इसके साथ ही खुली मंडी में भी मूंग की बिक्री का विकल्प है। कई किसान यहां पर भी तुरन्त राशि लेने के चलते बिक्री कर देते हैं। समिति की ओर से किसानों को यह स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि निर्धारित तिथि से लेकर १० दिनों की अवधि में किसान मूंग लेकर नहीं पहुंचे तो फिर उनकी मूंग बेचने की मंशा पर पानी फिर सकता है।
इनका कहना है…
आवंटित तिथियों के बाद भी किसान के पास १० दिनों का समय रहता है। वह इन दस दिनों में कभी भी आकर मूंग का बेचान कर सकते हैं, लेकिन यह दस दिनों की अवधि समाप्त होने के पश्चात फिर खरीद केन्द्रों की कोई जिम्मेदारी नहीं रहती है। खरीद प्रावधानों के अनुसार ही की जाएगी। हालांकि इस संबंध में पहले से किसानों को इसकी पूरी जानकारी दी जा रही है। इस बाबत अलग से उनको बताने का काम भी किया जा रहा है।
गंगाराम गोदारा, उपजिला रजिस्ट्रार सहकारी समितियां नागौर