नागौर. संत लिखमीदास महाराज स्मारक संस्थान अमरपुरा में चल रही भागवत कथा का बुधवार को समापन हुआ। इस मौके पर संत गोवर्धनदास महाराज ने सामूहिक रूप से संस्कारयुक्त शिक्षा दिए जाने पर बल देते हुए कहा कि इससे देश में बेेहतर वातावरण बनने के साथ ही प्रगति के पथ पर भी अग्रसर रहेगा। घर-परिवार में प्रत्येक बात का ध्यान रखते हुए विवेकपूर्वक जीवन व्यतीत करने की सलाह दी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जोधपुर से वाहन रैली के साथ श्रद्धालुओं का दल अमरपुरा पहुंचा। रास्ते में कई जगहों पर दल का स्वागत किया गया। जोधपुर रोड पर स्वामी कुशालगिरी महाराज ने भी स्वागत किया। इस दौरान विविध धार्मिक कार्यक्रम हुए।
संत शिरोमणि श्री लिखमीदासजी महाराज स्मारक संस्थान, अमरपुरा नागौर के तत्वावधान में श्रीमद् भागवत कथा को विराम दिया गया। स्मारक व देव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के आठवें पाटोत्सव पर यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रीतम दास महाराज का रामद्वारा मेड़ता रोड के संत गोवर्धन दास महाराज के मुखारविंद से इस कथा श्रवण का लाभ श्रद्धालुओं द्वारा लिया गया। संत रामरतन महाराज, संत सर्वेश्वर महाराज व साध्वी सुखी बाई सहित अनेक संत शक्ति के पावन सान्निध्य में यह कथा अमरपुरा धाम स्थित परिसर में आयोजित हुई। इस अवसर पर संत श्री ने अपने प्रवचन में सामूहिक रूप से संस्कार युक्त शिक्षा प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने घर परिवार में आत्मीय संबंधों के साथ अनेक छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते हुए जीवन बिताने का आग्रह किया।
किसान चौपाल दी फसल प्रबंधन की जानकारी
नागौर. कृषि विज्ञान केन्द्र अठियासन की ओर से ग्राम देशवाल में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। किसान चौपाल में केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष गोपीचंद सिंह ने किसानों को बताया कि जीरे की खेती के लिए संबंधित कृषि प्रबंधन किस प्रकार किया जा सकता है । किसानों को बताया कि फसल का विविधीकरण करके ही किसानों की आमदनी में इजाफा किया जा सकता है, क्योंकि हम एक ही फसल के भरोसे रह करके हम अपनी आय में वृद्धि नहीं कर सकते हैं। जीरे एवं मेथी की फसल के मूल्य संवर्धन के साथ-साथ सब्जी वाली फसलों को भी लगाना चाहिए। पशुपालन विशेषज्ञ बुद्धाराम ने कहा कि सर्दी के समय में सर्दी में पशुओं की देखभाल के साथ ही दुग्ध उत्पादन बेहतर करने की जानकारी दी । गृह विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. भावना शर्मा ने कहा कि दुग्ध का संस्करण कर दही घी छाछ घी श्रीखंड आदि उत्पाद बनाकर विपणन करने से किसने की आय में वृद्धि संभव है । साथ ही यह भी बताया कि पान मेंथी को सुखाने के लिए हाई टनल एवं क्लीनिंग मशीन का उपयोग करके पान मेंथी की गुणवत्ता को बढ़ाया जा सकता है। जिससे किसानों को बाजार में अच्छे दाम प्राप्त हो।
आज बिजली बंद रहेगी
क्षेत्र: गांव मूण्डवा रोड, ईनाना, रूपासर बास, खेण, बागनाडा।
समय: सुबह 11 बजे से शाम को 5 बजे तक।
सफाई कर्मी भर्ती निस्त होने से उम्मीदों पर फिरा पानी
-नगरपरिषद में कुल 160 सफाई कर्मियों की होनी थी भर्ती
नागौर. सफाई कर्मचारियों की भर्ती निरस्त कर दिए जाने से आवेदनकर्ताओं की मंशा पर पानी फिर गया। स्थानीय स्तर पर नगरपरिषद में कुल 160 पदों पर नियुक्तियां की जानी थी, लेकिन बुधवार को डीएलबी से आए आदेश ने इनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। गौरतलब है कि नगरपरिषद में 160 पदों पर सफाई कर्मचारियों की भर्ती किए जाने के संदर्भ में आवेदनों की जांच की जा रही थी। हालांकि इसके लिए कुल 1576 लोगों ने आवेदन किया था। भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की ओर से अनुभव प्रमाणपत्र तक बनवा लिए गए थे। इनके आवेदन की जांच भी लगभग पूरी हो गई थी। नगरपरिषद आयुक्त रामरतन चौधरी ने बताया कि इस संबंध में भर्ती फिलहाल निरस्त किए जाने के आदेश स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक की ओर से आए हैं। इसमें भर्ती को निरस्त किए जाने की सूचना दी गई है। इधर आवेदन निरस्त होने की जानकारी मिलने पर नगरपरिषद पहुंचे उम्मीदवारों ने इस संबंध में आयुक्त चौधरी से मुलाकात की तो उनको बताया गया कि भर्ती निदेशालय स्तर से ही निरस्त कर दी गई है। यह सुनने के बाद मायूस चेहरों के साथ उम्मीदवार सरकार को कोसते हुए रवाना हो गए।