
नागौर. जिले भर में महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई गई। मंदिरों में दिन भर जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक के साथ वैदिक मंत्रों के स्वर गूंजते रहे। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने पूरे दिन उपवास भी रखा। मंदिरों में श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। श्रद्धालुओं ने महादेव को धतूरा, बिल्वपत्र के साथ ही मिष्ठान का भोग चढ़ाया गया। रात्रि में भी मंदिरों में हुए जागरण से माहौल शिवमय बना रहा।
महाशिवरात्रि पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की धूम रही। शुभ नक्षत्रों का विशेष योग होने की वजह से श्रद्धालुओं की मंदिरों में भीड़ उमड़ी। शहर के प्रतापसागर तालाब स्थित जबरेश्वर महादेव मंदिर, शिवबाड़ी स्थित शिव मंदिर, इंदिरा कॉलोनी स्थित इंद्रेश्वर महादेव मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित महादेव आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक के साथ दुग्धाभिषेक किया। विशेष तौर पर नगरसेठ बंशीवाला मंदिर परिसर में स्थित पातालेश्वर मंदिर में एकलिंग महादेव का विधि विधान के साथ पंचामृत से अभिषेक किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने रूद्र संहिता का भी पाठ किया। मंदिर में सुबह 11 बजे तक यहां पर लाइन लगी नजर आई। शहर के शिवबाड़ी स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा होने के कारण यहां पर महिला एवं पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगाई गई थी। मंदिर में भोले का अभिषेक करने की श्रद्धालुओं में स्पर्धा चलती रही। इस दौरान गूंज रहे वैदिक मंत्रों के स्वर से माहौल आस्था के रंग में रंगा रहा। गिनाणी तालाब स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने विधिपूर्वक महादेव का पूजन किया। इस मौके पर नया दरवाजा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित एकलिंग महादेव का फूलों एवं बिल्वपत्रों से शृंगार किया गया था। श्रद्धालुओं की दोपहर तक जलार्पित करने के लिए भीड़ लगी रही।