
नागौर. रामदेव पशु मेला की तैयारियां तेज कर दी गई है। 30 जनवरी से मेला का विधिवत झण्डारोहण के साथ आगाज हो जाएगा। अब केवल पांच दिन आयोजन में शेष रह गए हैं। इसको ध्यान में रखते हुए मुख्य मेला मैदान के चारों ओर साफ-सफाई का काम तेज करने के साथ ही झण्डा स्थल एवं इसके आसपास की जगह व्यवस्थित की जा चुकी है। मेला के लिए दुकानों की आवंटन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही बिजली तारों का जाल बिछाए जाने का काम भी शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। मेला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि दो से तीन में सारी व्यवस्थाएं पूर्ण हो जाएंगी।
आवश्यकता हुई तो करा देंगे सफाई
पशु मेला मैदान में हुए गड्ढों को पाटकर समतल करने के साथ ही पूरे परिसर को सुव्यवस्थित करने के लिए सफाई शुरू कर दी गई है। पशुपालन विभाग की ओर से जोधपुर रोड की ओर से सफाई का कार्य शुरू किया गया है। पशु पालन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पशु मेला मैदान में झण्डा स्थल से लेकर ऊंट एवं घोड़ों आदि के ठहरने वाले स्थल पूरे तरह से साफ कर दिए गए हैं। इसके बाद भी कहीं, कोई आवश्यकता हुई तो सफाई करा दी जाएगी। मुख्य मेला मैदान में पशुओं के पीने के लिए बनी पानी की खेली की तलाई साफ करने के साथ ही इसमें पानी की आपूर्ति चालू कर दी गई हैं। इसके साथ मानासर चौराहा एवं शीतला माता मंदिर की ओर से जोधपुर रोड के रास्ते मेला मैदान के प्रवेश मार्गों पर पर पड़े मलबा के अंबार को भी हटाए जाने के लिए निर्देश देकर मेला शुरू होने के पहले ही पूरी तरह से चाक-चौबंद करने के लिए कहा जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि मेला की संभावित तिथि पर मेला शुरू होने की उम्मीद है। इसलिए मैदान को व्यवस्थित किए जाने का काम शुरू कर दिया गया है।