
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन। फोटो- पत्रिका
नागौर। जोधपुर-बीकानेर बायपास स्थित रिंग रोड पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक टायरों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो महिलाओं, एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब 3:40 बजे सदर थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर बासनी पुलिया के निकट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई, जिसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ ही देर बाद ट्रक के टायरों में आग लग गई, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काबू में कर लिया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में जान गंवा दी। हादसे में मृतकों में एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल हैं। सूचना मिलते ही जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, एसडीएम गोविन्दसिंह भींचर तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मृतकों की पहचान जोधपुर के पावटा बी रोड निवासी जयसिंह (50) पुत्र प्रेमसिंह राजपूत, सुमन कंवर (40) पत्नी जयसिंह, इंद्रवर्धन उर्फ लड्डू (14) पुत्र जयसिंह तथा झुंझुनूं हाल जयपुर निवासी लक्ष्मीकंवर (55) पत्नी विजयसिंह के रूप में हुई। चारों बीकानेर से कार में जोधपुर जा रहे थे। नागौर शहर के पास बने जोधपुर-बीकानेर बायपास रोड पर सामने से आ रहे मूंगफली से भरे ट्रक से कार टकरा गई। दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं ट्रक सड़क किनारे रेत के ढेर से टकराकर रुका।
दमकलकर्मियों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। कार इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सदर थाना प्रभारी सुरेश कंस्वा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
Updated on:
30 May 2026 07:49 pm
Published on:
30 May 2026 06:18 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
