
नागौर. ठेका सफाई कर्मचारियों की करीब एक सप्ताह से चल रही हड़ताल के बाद नगरपरिषद के नियमित सफाई कर्मियों ने भी हड़तालियों के समर्थन में मांगे पूरी होने तक काम करने से इंकार कर दिया है। आयुक्त एवं सभापति को ज्ञापन देकर गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया है। इससे अब जहां शहर की सफाई व्यवस्था पटरी से उतरने का खतरा खड़ा हो गया है, वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने राज्य सरकार को पत्र भेज कर स्थिति से अवगत करा दिया है। गौरतलब है कि संयुक्त वाल्मिीकी एवं सफाई श्रमिक संघ नगरनिगम जयपुर ग्रेटर की ओर से किए जा रहे हड़ताल के समर्थन में गत २५ जुलाई से ठेकाकर्मी हड़ताल पर चले गए थे। इन्होंने ज्ञापन देकर गैर वाल्मिकी समाज के लोगो को नवीन सफाई कर्मचारी भर्ती 2024 में सम्मलित नही करते हुए केवल वाल्मिकी समाज के व्यक्तियो 100 प्रतिशत प्राथमिकता देने के लिए ज्ञापन दिया था। मांगों पर सरकार की ओर से ध्यान नहीं दिए जाने पर कार्य बहिष्कार कर दिया था। अब बुधवार को हड़ताली सफाई कर्मियों ने रैली निकालकर जहां अपना विरोध जताया, वहीं इनके समर्थन में परिषद के नियमित सफाई कर्मियों ने भी गुरुवार से कार्य बहिष्कार करने की घोषणा कर दी है। चेताया है कि मांगे पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी। नगरपरिषद की ओर से स्थिति की नाजुकता को देखते हुए इस संबंध में राज्य सरकार को अवगत करा दिया गया है। नगरपरिषद प्रशासन का कहना है कि सभी सफाई कर्मी यदि हड़ताल पर रहेंगे तो निश्चित रूप से सफाई व्यवस्था पटरी से उतर जाएगी।
इनका कहना है…
सफाई कर्मियों ने ज्ञापन देकर गुरुवार से हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। इस संबंध में उच्च स्तर पर नगरपरिषद की ओर से अवगत करा दिया गया है।
रमेश रिणवा, आयुक्त नगरपरिषद नागौर