रक्षाबंधन पर रोडवेज की साधारण बसों में महिलाओं के लिए इस बार भी मुफ्त की यात्रा के निर्देश थे। इसको लेकर महिलाओं में यात्रा करने की होड़ रही। सुबह आठ बजे से लेकर 11 बजे तक रोडवेज के केन्द्रीय बस स्टैंड पर महिलाओं की भीड़ नजर आई। एक बस में कम से कम 60 सीटें होती हैं। सोमवार को रेाडवेज बस स्टैंड से निकलने वाली सारी बसें महिलाओं से भरी रहीं। मुफ्त की यात्रा में जयपुर, उदयपुर, सीकर, कोटा, अजमेर आदि विभिन्न जगहों की यात्रा कर महिलाओं ने मुफ्त की यात्रा के अवसर को जमकर भुनाया। रोडवेज के मुख्य प्रबंधक राजेश चौधरी के अनुसार शाम को लगभग छह बजे तक लगभग सात हजार महिलाएं इस यात्रा का लुफ्त उठा चुकी थी। महिलाओं की बसों से यात्रा सोमवार को रात्रि 12 बजे तक नि:शुल्क थी। ऐसे में शाम को भी महिलाओं ने यात्रा की। शाम को साढ़े छह बजे के करीब स्टैंड पर भीड़ रही। स्थिति यह रही कि बसों से महिलाएं बस स्टैंड पर उतरती तो थोड़ी ही देर में वही बस महिलाओं से भर जाती थी। इस तरह से रात्रि 12 बजे तक महिलाएं इसी तरह बसों से नि:शुल्क यात्रा का लुफ्त उठाती नजर आई। महिलाओं की नि:शुल्क यात्रा की इस होड़ में आम यात्री इस बार भी परेशान ही रहा।