
– रोडा एक्ट की कार्रवाई बंद करने, जमीन म्यूटेशन में बैंक का नाम हटाने की एवज लिए 98 सौ रुपए
डेगाना (नागौर). डेगाना उपखंड कार्यालय के कनिष्ठ सहायक अशोक भाकर को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो नागौर की टीम ने मंगलवार को एक किसान से 9800 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसने यह रिश्वत बैंक ऋण में रोडा एक्ट की कार्रवाई बंद करने, जमीन के म्यूटेशन में बैंक का नाम हटाने की एवज में ली। दोपहर 3.30 बजे के करीब अचानक एसीबी की टीम उपखंड कार्यालय पहुंची तो आसपास के कार्यालयों में हड़क़ंपमच गया।
एसीबी की एडिशनल एसपी कल्पना सोलंकी ने बताया कि डेगाना एसडीएम कोर्ट के कनिष्ठ सहायक अशोक पुत्र चुन्नीलाल को रिश्वत लेते एसडीएम कार्यालय परिसर से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ
पादूकलां थाना क्षेत्र के गोठड़ा निवासी रिछपाल पुत्र शंकरराम ने रिश्वत मांगने की सोमवार को शिकायत दर्ज करवाई गई थी। सत्यापन में शिकायत सही पाई गई। मंगलवार दोपहर में भाकर को 9800 रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उसने यह राशि रिछपालराम के केसीसी लोन में डिफाल्टर होने पर बैंक से सेटलमेंट के उपरांत उपखंड कार्यालय से उसके खिलाफ रोडा एक्ट की कार्रवाई बंद करने, जमीन के म्यूटेशन में बैंक का नाम हटाने की एवज में मांगी थी। एसीबी इस मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका होने की भी जांच कर रही है। पूरी कार्रवाई को एसीबी अजमेर उप महाननिरीक्षक रणधीर सिंह के सुपरविजन में की गई। एसीबी टीम में सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्रसिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, नेमीचंद, कानाराम, प्रेमाराम, राजेंद्र झूरिया, भगवानसिंह शामिल थे।