उप-राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के लगभग एक महीने बाद सोमवार को जगदीप धनखड़ पहली बार सामने आए और उप-राष्ट्रपति आवास खाली कर दिया। 74 वर्षीय धनखड़ ने 21 जुलाई को उप-राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था और इसके बाद से ही वो सार्वजनिक रूप से एक बार भी नजर नहीं आए थे। सोमवार को उप राष्ट्रपति आवास से बाहर जैसे ही धनखड़ की झलक दिखी। तभी से ये खबरें भी सामने आई कि धनखड़ ने सोमवार को ही सरकारी बंगला खाली करने का फैसला लिया है। शाम होते होते धनखड़ ने ये बंगला खाली कर दिया और वो इंडियन नेशनल लोक दल के प्रमुख अभय सिंह चौटाला के निजी फार्म हाउस में रहने चले गए।
जानकारी के मुताबिक जब तक सरकार की ओर से धनखड़ को आधिकारिक आवास नहीं दिया जाता है, तब तक वो दक्षिण दिल्ली के छत्तरपुर एन्क्लेव में स्थित चौटाला के फार्महाउस में ही रहेंगे। चौटाला ने भी इस बारे में सवाल किए जाने पर इस बात की पुष्टि की थी कि धनखड़ उनके फार्महाउस में शिफ्ट हो रहे है। उन्होंने कहा, हमारे पुराने पारिवारिक संबंध हैं और उन्होंने मुझसे घर नहीं मांगा था बल्कि मैंने खुद उन्हें इसकी पेशकश की है। इससे पहले धनखड़ के अचानक उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद चौटाला ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की साजिश बताया था। उन्होंने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए दावा किया था कि मोदी – शाह के नेतृत्व में धनखड़ को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया है।