देशभर में सर्दी अब सीधे विदाई नहीं ले रही। जहां सुबह-शाम सिहरन रहती है तो वहीं, दिन में चुभती धूप परेशान कर रही है। इसी बदलते मिजाज के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने दो पश्चिमी विक्षोभों की चेतावनी जारी की है, जिनका असर पहाड़ों से लेकर मैदानों तक दिखने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहला असर 6 फरवरी को और दूसरा दौर 9 से 11 फरवरी के बीच देखने को मिलेगा। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड इस बदलाव की सीधी जद में रहेंगे। यहां बारिश के साथ-साथ बर्फबारी की भी पूरी संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट भी जारी किया गया है।