भीलवाड़ा। शहर में अजमेर तिराहे से आरजिया चौराहे तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जिला प्रशासन ने गुरुवार सुबह शुरू की। इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई। लेकिन बारिश के लगतार जारी रहने से दोपहर बारह बजे अभियान रोक दिया गया।
नगर परिषद आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि परिषद, यूआईटी, प्रशासन, पुलिस की टीमें सुबह 11 बजे पुलिस जाप्ते के साथ अजमेर चौराहा पर पहुंची और मार्किंग किए गए अतिक्रमण हटाना शुरू किया। दुकानों के मूल आकार से ज्यादा अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान पत्रिका की ओर से मनमर्जी की पार्किंग को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इसमें शहर की सड़केंचौड़ी लेकिन अतिक्रमण के चलते संकरा होने के मामले को प्रमुखता से उठाया था।
इस मामले को लेकर 25 जुलाई को जिला कलक्टर नमित मेहता और एसपी राजन दुष्यंत ने ट्रैफिक समस्या देखते भीलवाड़ा की प्रमुख सड़कों को साफ करने के उद्देश्य से रोडमैप बनाया था। उसी शाम को नगर परिषद, यूआईटी, प्रशासन, पुलिस टीम ने संयुक्त निरीक्षण कर व्यापारियों को समझाया। अतिक्रमण हटाने की अपील की। अतिक्रमण पर मार्किंग की गई। अब गुरुवार को अजमेर तिराहे से कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके बाद शहर के अन्य मुख्य मार्गाें को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।