सीढि़यों के सहारे तीन को बचा लिया गया
इंदौर। इंदौर के खातीवाला टैंक स्थित मकान में बुधवार शाम अचानक आग लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी, जो पार्किंग से फैलते हुए कमरे तक जा पहुंची। मकान की ऊपरी मंजिल में रहने वाला परिवार भी आग की लपटों के बीच फंस गया। मौजूद सभी तीन सदस्यों को पुलिस ने सीढिय़ों के माध्यम से सुरक्षित निकाल लिया।
जूनी इंदौर टीआइ अनिल कुमार के मुताबिक घर में आग लगने से अब्दुल कादिर 55 पिता सैफुद्दीन निवासी बतुल प्लाजा, खातीवाला टैंक की मौत हुई है। जिस घर में आग लगी, वह टॉवर चौराहे के समीप खातीवाला टैंक में है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मकान में बुजुर्ग शांति, उनके बेटे हेम सौरभ और उनकी भाभी ज्योति घर में थी। जिस वक्त मकान के निचले में आग लगी, तीनों अंदर रह गए थे। पार्किंग में खड़े 2 वाहन आग की चपेट में आ गए। वहीं जिस कमरे को परिवार ने विगत एक वर्ष से अब्दुल कादिर को किराये पर दिया, वह पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। आग की चपेट में आने से कादिर की वहीं मौत हो गई। आग लगने के बाद कॉलोनी में अफरा तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार फिलहाल थिनर भंडारण समेत कई कारण सामने आए हैं लेकिन वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही पता चल सकेगी।