
भीलवाड़ा। भीषण गर्मी से बचने को जून- जुलाई में दिन-रात कूलर व एसी चलाने का भार उपभोक्ता अब महसूस कर रहे हैं। अधिकांश घरेलू उपभोक्ताओं के पास गत माह की तुलना में दुगने से अधिक के बिजली बिल आए हैं। ऐसे में कई उपभोक्ता बिजली बिलों में गड़बड़ी की शिकायत लेकर डिस्कॉम व सिक्योर कार्यालय पहुंच रहे हैं। दूसरी तरफ अजमेर डिस्कॉम का दावा है कि गत साल के मुकाबले इस बार उपभोक्ताओं में बिजली की खपत दुगनी से अधिक हुई है।
पारा चढ़ा तो जमकर उपभोग
गर्मी ने इस बार लोगों को खूब सताया। जून व जुलाई में पारा 42 से 46 डिग्री तक रहा। लोगों के दिन-रात पसीने छूटते रहे। गर्मी से राहत पाने को लोग कूलर, पंखे व एसी ज्यादा इस्तेमाल हुए। बिजली का उपभोग ज्यादा हुआ।
एक लाख यूनिट से अधिक की खपत
डिस्कॉम के आंकड़े के अनुसार जून व जुलाई में इस साल प्रतिदिन बिजली का लोड एक लाख प्रति यूनिट से एक लाख दस हजार प्रति यूनिट रहा है। गत वर्ष जून-जुलाई में प्रति माह अधिकतम नब्बे लाख यूनिट खपत थी।
ये बोले उपभोक्ता
घरेलू उपभोक्ता रश्मिसिंह का कहना है कि गत माह के मुकाबले जुलाई का बिजली बिल दुगने से अधिक आया है। अजय माथुर ने बताया कि गर्मी के बाद अब बिल झटका दे रहा है। लोगों की शिकायत थी कि बिजली की खपत इस बार कई अधिक रही। जबकि एसी चला ही नहीं। उनके मीटर में गड़बड़ी लगती है। रणजीत सिंह कारोही का कहना है कि अजमेर डिस्कॉम को बिजली के बिलों की समीक्षा करनी चाहिए।
पौने पांच लाख उपभोक्ताओं पर दोहरी मार
गर्मी में अधिक खपत के बाद बढ़े बिल अब अगस्त से और बढ़ेंगे। सरकार के बिजली दरें बढ़ाने के निर्णय से यह असर आएगा। बिजली दरों में दस से बीस फीसदी की बढ़ोतरी तय है। भीलवाड़ा जिले में कुल 4 लाख 77 हजार उपभोक्ता है। इनमें घरेलू 3. 67 लाख, कृषि 66 हजार, औद्योगिक 59 हजार व वाणिज्यिक श्रेणी में 34 हजार उपभोक्ता हैं। सभी उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
खपत रही अधिक
गर्मी के कारण बिजली का उपभोग समूचे जिले में जून- जुलाई में अधिक रहा। बिल मीटर रीडिंग में आई यूनिट के आधार पर जारी किए हैं। घरेलू बिलों को लेकर शिकायतें भी मिली है। जांच में अधिकांश के यहां बिजली उपभोग अधिक होना पाया गया। बिजली दरें बढ़ाने का निर्णय राज्य सरकार करती है।
वीके संचेती, अधीक्षण अभियंता, एवीएनएल, भीलवाड़ा