भीलवाड़ा। नारी शक्ति ने क्रिकेट के मैदान पर दमखम दिखाया। इस दौरान गेंदबाजी व बल्लेबाजी से दर्शक रोमांचित हो उठे। मौका था राजस्थान पत्रिका भीलवाड़ा संस्करण के 26 वें स्थापना दिवस के मौके पर पंचवटी में लाठी नैनावटी क्लासेस के एलटूसी के क्रिकेट बॉक्स में आयोजित आरपीएल भीलवाड़ा की महिला टीम व छात्रा टीम के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का।
जिले की शांति एवं कानून व्यवस्था के साथ ही अपराधियों की लगाम कसने के लिए तत्पर जिला पुलिस की महिला टीम ने मैदान में यह साबित कर दिया की वह भी खेल मैदान में दम रखती है। हालांकि यह मैच जिला क्रिकेट संघ की छात्रा टीम ने जीता। मैच के दौरान छात्राओं की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच के दौरान जिला कलक्टर नमित मेहता व जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव खिलाडियों की हौंसला अफजाई के लिए मौजूद रहे।
यहां आरपीएल की महिला टीम की कप्तान राजकुमार चौधरी ने पहले टॉस जीतते हुए गेंदबाजी चुनी। छात्रा टीम की कप्तान माया जाट तीन छक्कों व तीन चौकों की मदद से 35 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को तेज शुरूआत दी। दिव्या तोलम्बिया ने 28 व कीर्ति श्री व्यास ने 20 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। हेमलता रावत ने 11 रन बनाए। आरपीएल की तरफ से कविता व राजकुमारी ने एक-एक विकेट लिया। जबकि दो खिलाड़ी रन आउट हुए।
106 रन के विजय लक्ष्य लेकर उतरी आरपीएल टीम की तरफ से कप्तान राजकुमारी, नीलोफर, वर्षा, कविता, सुशीला, मीरा, लाछी, प्रांजल व सान्या ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन छात्रा टीम ने अंत में शानदार गेंदबाजी कर बाजी मार ली और मैच लिया। छात्रा टीम की तरफ से जोया दाधीच,सांची बापना, कीर्ति, शगुन व माया जाट ने विकेट लिए।
मैच के शुरुआत में जिला कलक्टर मेहता, जिला पुलिस अधीक्षक यादव, जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष महेन्द्र नाहर ने दोनों टीमों से परिचय लिया। इसके बाद टॉस जिला कलक्टर मेहता ने करवाया।
इस मौके पर राजस्थान पत्रिका के संपादकीय प्रभारी अनिल सिंह चौहान ने राजस्थान पत्रिका के भीलवाड़ा संस्करण के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। कलक्टर मेहता व एसपी यादव ने राजस्थान पत्रिका के सामाजिक सरोकार की सराहना की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने गेंदबाजी व बल्लेबाजी कर मैत्री मैच का शुभारम्भ किया।
मैत्री मैच में विजेता, उपविजेता एवं खिलाडि़यों को लाठी नैनावटी क्लासेस के निदेशक प्रदीप लाठी, ज्योति लाठी व सुनित नैनावटी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया । वूमैन ऑफ दी मैच माया जाट रही। कार्यक्रम में पत्रिका के एडमिन हैड विक्रम सिंह गहलोत व मार्केटिंग हैड अमित शर्मा, जिला क्रिकेट संघ के वरिष्ठ उपाध्याक्ष किशोर केवलरमानी आदि मौजूद रहे। मैच के दौरान एएसआई रतनलाल, कमेंटेटर विवेक पाराशर व एंपायर हेमेन्द्र अधिकारी, रघुवीर सिंह व उदय यादव का सहयोग रहा।