भूख हड़ताल वापस लेने के बाद पश्चिम बंगाल के जूनियर डॉक्टरों ने अगले शनिवार को आरजी कर अस्पताल में सामूहिक बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि जूनियर डॉक्टर बैठक में भावी रणनीति तय करेंगे। हालांकि उन्होंने पीडि़त महिला ट्रेनी डॉक्टर के लिए न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। अब सभी की निगाहें अगली बैठक पर टिक गई हैं। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ बैठक के कुछ घंटे बाद आंदोलनकारी जूनियर चिकित्सकों ने बलात्कार एवं हत्या की घटना को लेकर जारी भूख हड़ताल सोमवार शाम वापस ले ली। चिकित्सकों ने मंगलवार को पूरे राज्य में अस्पतालों में अपनी प्रस्तावित हड़ताल भी वापस ले ली।
आंदोलनकारी चिकित्सक देवाशीष हल्दर ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक में हमें कुछ आश्वासन तो मिला लेकिन, राज्य सरकार का हाव-भाव सकारात्मक नहीं था। आम लोगों ने दिल से हमारा समर्थन किया है। वे और हमारी मृतक बहन आरजी कर अस्पताल की पीडि़ता के माता-पिता हमसे अनुरोध कर रहे हैं कि हमारे बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए हम भूख हड़ताल खत्म कर दें। इसलिए हम अपना ‘आमरण अनशन’ और मंगलवार को स्वास्थ्य क्षेत्र में किये गये पूर्ण बंद के आह्वान को वापस ले रहे हैं। यह निर्णय चिकित्सकों की आम बैठक के बाद किया गया।