
फाइल फोटो-पत्रिका
अजमेर। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग के तहत संचालित 3 हजार 737 राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इन स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया 11 मार्च से शुरू होगी। राज्य में इस बार नया शिक्षा सत्र 2026-27 एक अप्रेल से शुरू होने के कारण पिछले सत्र के मुकाबले दो माह पहले प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
ऑनलाइन आवेदन शाला दर्पण/क्यू आर कोड के माध्यम से 14 मार्च से शुरू होंगे। उसके बाद लॉटरी ऑनलाइन प्रक्रिया द्वारा संपादित कर प्रवेश दिया जाना है। इन स्कूलों में प्रवेश के इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों के प्रवेश के लिए 23 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। उसके बाद निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन आने पर 25 मार्च को लॉटरी के जरिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
वर्तमान में राज्य के सैकड़ों स्कूलों में 50 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं। इन स्कूलों में प्रवेश के संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने प्रवेश कार्यक्रम एवं गाइडलाइन जारी की है। इन स्कूलों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। शिक्षा विभाग इन स्कूलों में नया शिक्षा सत्र 1 अप्रेल से शुरू करेगा।
वर्तमान में राज्य में संचालित 3 हजार 737 महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में लगभग 6.81 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। लगभग 50 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं। पिछले साल शिक्षा निदेशालय की ओर से इन स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया 7 मई से शुरू हुई थी। इस बार आवेदन मार्च में ही लिए जाएंगे।
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों (अंग्रेजी माध्यम) / राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों जिनमें प्री-प्राइमरी कक्षाएं एवं बाल वाटिकाएं संचालित की जा रही हैं। उनमें कक्षा नर्सरी में समस्त सीटों पर नवीन प्रवेश दिया जाएगा तथा शेष कक्षाओं मे क्रमोन्नत/उत्तीर्ण विद्यार्थियों के प्रवेश के बाद शेष रही सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
राज्य सरकार ने उन भामाशाहों की अभिशंसा पर भी प्रवेश देने के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने गोद लेकर 50 लाख रुपए से अधिक राशि के विकास कार्य करवाए हैं। ऐसे भामाशाहों की मांग पर संबंधित स्कूल की प्रत्येक कक्षा में अधिकतम 2 एवं सम्पूर्ण विद्यालय में प्रतिवर्ष अधिकतम 10 विद्यार्थियों को प्रवेश दिए जाने के लिए प्रवेश कोटा निर्धारित किया गया है।
यह कोटा उक्त विद्यालयों में संचालित कक्षाओं की निर्धारित सीटों के अतिरिक्त सीटों के लिए होगा। शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेशाध्यक्ष मोहरसिंह सलावद का कहना है कि भामाशाहों के लिए प्रवेश कोटा तय करने से भामाशाह प्रोत्साहित होंगे। इन स्कूलों में निर्धन और जरूरतमंद बच्चों को मुफ्त अंग्रेजी शिक्षा मिल सकेगी।
Published on:
10 Mar 2026 04:27 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
