9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, साला-बहनोई की मौत, गैर-डांडिया कार्यक्रम निरस्त

बर थाना क्षेत्र के पाली रोड स्थित सर्विस लाइन के पास सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार साला-बहनोई की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बर कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई।

less than 1 minute read
Google source verification

फोटो पत्रिका नेटवर्क

ब्यावर (अजमेर)। बर थाना क्षेत्र के पाली रोड स्थित सर्विस लाइन के पास सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार साला-बहनोई की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बर कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई।

बर थानाधिकारी पन्नालाल ने बताया कि सोमवार शाम ब्यावर से पाली की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार ग्राम बर निवासी चेतन बागड़ी पुत्र पुखराज माली तथा माणक लाल भाटी पुत्र केवलराम गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को निजी वाहन से बर के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को ब्यावर के राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही बर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों मृतक आपस में साला-बहनोई थे।

गैर-डांडिया कार्यक्रम निरस्त

सड़क हादसे में साला-बहनोई की मौत के बाद बर कस्बे में शोक का माहौल है। इसी के चलते शीतला सप्तमी के अवसर पर मंगलवार को बर मुख्य चौराहे पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक गैर-डांडिया कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है। आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम अब किसी अन्य तिथि पर आयोजित किया जाएगा।