9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में पकड़ा गया करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा, 10 आरोपी डिटेन

भारत-न्यूजीलैंड के बीच रविवार को खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच पर करोड़ों रुपए के ऑनलाइन सट्टे का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 10 लोगों को डिटेन किया है।

2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Kamal Mishra

Mar 09, 2026

T20 World Cup satta

गिरफ्तार आरोपी (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। भारत-न्यूजीलैंड के बीच रविवार को खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच पर करोड़ों रुपए के ऑनलाइन सट्टे का खुलासा हुआ है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने रविवार देर रात गंज थाना क्षेत्र के रावत नगर में दबिश देकर 10 लोगों को डिटेन किया। पुलिस ने मौके से लैपटॉप व बड़ी संख्या में मोबाइल फोन सहित करोड़ों के सट्टे का हिसाब बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि एएसपी (शहर) हिमांशु जांगिड के सुपरविजन में डीएसटी ने क्रिकेट सट्टे पर कार्रवाई की। जिला स्पेशल टीम ने प्रभारी सत्यवान सिंह मीणा के नेतृत्व में टीम ने गंज थाना क्षेत्र के रावत नगर में छापा मारा। यहां भारत-न्यूजीलैंड टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच पर करोड़ों रुपए के ऑनलाइन सट्टे का भंडाफोड़ किया।

10 डिटेन, लैपटॉप-मोबाइल जब्त

पुलिस ने मौके से 10 जनों को डिटेन किया। उनके पास से एक लैपटॉप, 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन व 6 की-पैड मोबाइल बरामद किए। जब्त किए गए उपकरणों में एक करोड़ रुपए से अधिक का हिसाब-किताब मिलने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों और बरामद सामान को पुलिस कार्रवाई के लिए गंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

इन्हें हिरासत में लिया

पुलिस ने मौके से डिग्गी बाजार निवासी राजेश देवानी, वरुण सागर रोड विनायक विहार के मनीष धनजानी, कोटड़ा बसंत नगर के महेश तमोली, वरुण सागर रोड गीता कॉलोनी के मनीष कुमार, पीसांगन भांवता के गोपाल मेघवंशी, रावत नगर के गिरीश नलवानी, बोराज के रामाकिशन चौहान व राज कॉलोनी निवासी प्रकाश देवानी, दीपक लीलानी व दिनेश लीलानी को हिरासत में लिया। कार्रवाई में डीएसटी सिपाही संतराम, सुरेश, गजेन्द्र व चालक ईश्वरदास शामिल रहे।

शुरू से ही चल रहा था सट्टा

खास बात यह कि सवा महीने तक चले टी-20 वर्ल्ड कप के लीग, सुपर-8, दो सेमीफाइनल(नॉक आउट) के दौरान सट्टेबाजी की चर्चाएं चलती रही। जबकि जिला पुलिस ने फाइनल मुकाबले के दिन कार्रवाई की।