– दोपहिया वाहन से जा रहे थे दफ्तर, बस चालक की लापरवाही ने ली जान
– इसी माह होनेवाले थे सेवानिवृत्त, रहवासियों में दिखा आक्रोश
– ड्राइवर मदद करने की बजाय बस छोड़ भाग निकला
इंदौर. शहर के भीतर कॉलोनियों, गली-मोहल्लों में दौड़ रही बसें आए दिन किसी न किसी की जान ले रही हैं। सोमवार सुबह बुजुर्ग नगर निगम कर्मचारी को बस ने टक्कर मार रौंद दिया। गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई। वे इसी माह सेवानिवृत्त होने वाले थे। घटना सामने आने पर रहवासी आक्रोशित हो गए। वहीं ड्राइवर मदद करने की बजाय बस छोड़ भाग निकला। पुलिस ने बस जब्त कर ली।
एएसआइ संजय चौहान ने बताया कि रामप्रसाद (62) पिता रघुवीर मौर्य निवासी पवनपुरी, नेमावर रोड की एक्सीडेंट में मौत हुई। वे नर्मदा प्रोजेक्ट में यांत्रिकी हेल्पर के पद पर थे। सोमवार सुबह 9.30 बजे वे दोपहिया वाहन से दफ्तर के लिए निकले। उन्हें सेवानिवृत्ति संबंधित कागजी कार्रवाई करनी थी। वे तीन इमली चौराहा के समीप सर्विस रोड पर पहुंचे। होटल सिल्वर के सामने महाकाल ट्रेवल्स की बस ने उन्हें टक्कर मार रौंद दिया। इसके बाद लापरवाह बस चालक भाग निकला। गमगीन परिजन ने बताया कि रामप्रसाद के परिवार में तीन बेटे व पत्नी हैं। सभी साथ रहते हैं। आजाद नगर एसीपी आशीष पटेल ने एक्सीडेंट के संबंध में टीआइ को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
घटना सीसीटीवी में कैद
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रामप्रसाद दोपहिया वाहन चलाते हुए महाकाल बस सर्विस के सामने से गुजर रहे थे। इतने में पार्किंग एरिया से चालक बस लेकर निकला। बस के अगले हिस्से से टक्कर लगते ही रामप्रसाद नीचे गिरे। वाहन सहित बस उन पर चढ़ गई। इसके बाद ड्राइवर निगमकर्मी को बचाने की बजाय गेट खोल उतरते और बस की बॉडी बीच से ठोकते हुए भागता दिखा।
आए दिन एक्सीडेंट, रहवासियों में आक्रोश
घटना सामने आने पर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि तीन इमली से जुड़ी सर्विस रोड पर कई ट्रेवल्स की पार्किंग है। बस पार्किंग से सीधे सर्विस रोड पर आती हैं। जिस स्थान पर एक्सीडेंट हुआ, वह वार्ड-64 मूसाखेड़ी रिंग रोड के अंतर्गत आता है। पवन नगर के सर्विस रोड पर अवैध रूप से वीडियो कोच बसें संचालित हो रही हैं। आए दिन एक्सीडेंट से रहवासी नाराज हैं।
बसें शहर से बाहर हों, कलेक्टर से करेंगे मांग
मृतक रामप्रसाद का बेटा खेमराज भाजपा कार्यकर्ता है। घटना की सूचना लगते ही महापौर परिषद सदस्य मनीष शर्मा, ट्रैफिक एसीपी हिंदू सिंह मुवेल, निगम जेडओ वैभव देवलोसे व अन्य मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर राजू बौरासी, ललित यादव, योगेश परदेशी, शुभम जायसवाल, सचिन बौरासी, जगदीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग आ गए। पुलिस अधिकारी जांच के लिए पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने सर्विस रोड का दौरा कर जल्द यहां से बसें हटाने की मांग की। इस दिशा में शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मिलकर बसों को शहर से बाहर करने के संबंध में मांग करेगा।