भीलवाड़ा। राजस्थान पत्रिका का जन मंच अभियान आमजन की समस्याओं का समाधान कराने में सेतु का काम कर रहा है। यही कारण है कि लोग अब पत्रिका कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं को खुलकर बयां कर रहे हैं। बुधवार को भी जन मंच के प्रति आमजन में उत्साह देखने लायक था। उपनगर सांगानेर का रेगर समाज न्याय की आस में अपनी शिकायत जन मंच में रखने के लिए करीब दस किलोमीटर दूर से पत्रिका कार्यालय पहुंचा। इनमें भी महिलाओं की संख्या बहुत अधिक थी। इसी प्रकार उपनगर पुर, बनेड़ा, शाहपुरा, गंगापुर, बदनोर, करेड़ा, आसींद क्षेत्र से भी लोग पहुुंचे। जन मंच के दौरान बिजली, पेयजल, अतिक्रमण, सफाई समेत कई समस्याओं के समाधान की राह भी संबंधित अधिकारियों की तत्परता दिखाने से खुली।
दस किलोमीटर दूरी से आया रेगर समाज
अखिल भारतीय रेगर महासभा जिलाध्यक्ष कैलाश देवतवाल एवं डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष सोहनलाल भोजपुरिया की अगुवाई में दो सौ से अधिक रेगर समाज के लोग सांगानेर से बुधवार को जनमंच कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि सांगानेर में समाज का बाबा रामदेवजी का मंदिर है, लेकिन नगर के ही कुछ लोग जबरन मंदिर पर कब्जा करने की नीयत से उनके साथ मारपीट कर मंदिर में जाने से रोकने व उनके हक से वंचित करने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्ट देने के बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।
कलक्टर व एसपी को बताई पीड़ा
रेगर समाज की पीड़ा से राजस्थान पत्रिका ने जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू व पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव को अवगत कराया। कलक्टर संधू से रेगर समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। संधू ने पत्रिका को बताया कि पुलिस व प्रशासन समाज के साथ है, उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने देंगे। उनकी समस्या का समाधान प्रभावी कार्रवाई के साथ होगा।
आवेदन निरस्त होने की बताई राह
केन्द्रीय विद्यालय के रिटायर्ड प्रिंसिपल ललित कुमार लोढ़ा ने नगर विकास न्यास की भूखंड आवंटन लॉटरी में उनके पांच में से तीन आवेदन निरस्त होने की आशंका जताई। पत्रिका ने तत्काल लॉटरी प्रभारी रविश श्रीवास्तव से बात की। इस पर श्रीवास्तव ने आवेदन में प्रक्रिया में मिली खामियों से अवगत कराया। उसके अनुरूप सुधार कर लेने पर आवेदन निरस्त नहीं होने का रास्ता भी बताया।
डेयरी के लिए नहीं मिल रही जगह
गंगापुर के वासुदेव पंचोली ने नगर पालिका की अनदेखी से उन्हें आवंटित डेयरी बूथ के लिए जगह नहीं मिलने की पीड़ा बयां की। उन्होंने नगर पालिका की जमीन पर प्रभावशाली के अवैध निर्माण कराए जाने पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर रोष जताया।
स्कूल के मुख्य द्वार पर अतिक्रमण
वर्धमान स्कूल नेहरू रोड के प्रबंधन ने मुख्य द्वार पर स्थाई अतिक्रमण होने से आवागमन बाधित होने की शिकायत की। उनका आरोप है कि नगर निगम को शिकायत किए जाने के बावजूद मौके पर समाधान नहीं हुआ, जबकि विभागीय पत्रावली में मौके पर निस्तारण करना बताया गया।
आम जन ने रखी समस्या
शास्त्रीनगर के मेन सेक्टर निवासी राजेन्द्र कुमार काला ने नगर निगम पर नियम विरुद्ध सिंधुनगर िस्थत दुकान को नियम विरुद्ध तरीके से सीज करने का आरोप लगाया। पंचवटी के अजय घावरी ने घरेलू बिजली कनेक्शन का बिल उपयोग से अधिक आने, गुलमंडी के प्रताप मोहल्ला के सत्यनारायण शर्मा व सांगानेर के जोरावर सिंह पगारिया ने मकान का पट्टा नहीं बनने की पीड़ा बताई।
आवारा श्वानों से मांगी मुक्ति
आजाद नगर के बी सेक्टर के बाशिंदों ने यहां एक महिला न्यायिक कर्मचारी पर अस्सी से अधिक आवारा श्वानों को घर में बंधक बना कर रखने एवं उन्हें नॉनवेज खिला कर वातावतरण को दूषित करने का आरोप लगाया। बाशिंदों ने उक्त महिला को पुन: पाबंद करने की मांग की।
क्रेडिट सोसायटी ने हड़पी जमा पूंजी
आरसी व्यासनगर के अनिल कुमार टोंग्या ने आदर्श क्रेडिट को ऑपरेटिव सोसायटी प्रबंधन पर सवा लाख की जमा पूंजी हड़पने की शिकायत की। वहीं उन्होंने पत्नी की सुभाषनगर थाना क्षेत्र में लूटी सोने की चेन अभी तक कोर्ट से नहीं छूटने की पीड़ा भी बयां की।
राजस्थान जन मंच ने उठाई समस्या
राजस्थान जन मंच के अध्यक्ष कैलाश सोनी के नेतृत्व में आजादनगर निवासी जय नारायण जोशी ,श्याम लाल सुवालका ने शहरी क्षेत्र की बिजली, पानी, अतिक्रमण, सफाई व सड़क की समस्या रखी और उनके समाधान की मांग नगर निकाय व प्रशासन से की।
राजस्थान पत्रिका का सामाजिक सरोकार से नाता
राजस्थान पत्रिका का सामाजिक सरोकार से गहरा नाता है। जन मंच के जरिए यह नाता और प्रगाढ़ हुआ। राजस्थान पत्रिका के पुलिस व प्रशासन के बीच सेतु बनने से लोगों की मृलभूत सुविधाओं का समाधान तुरंत होने लगा है।
– नवरत्न पानगडिया, उपनगर पुर